लाइव इंडिया के कई पत्रकारों ने भड़ास4मीडिया से संपर्क साध कर पिछले महीने की सेलरी न मिलने की शिकायत कुछ दिनों पहले की थी। कुछ लोगों ने यह भी बताया था कि उन्हें जो चेक मिला वो बाउंस हो गया। इन लोगों को आशंका थी कि कहीं अधिकारी ब्रदर्स से निकलकर नए निजाम एचडीआईएल के हाथ में इस चैनल के पहुंचने के बाद स्थितियां ठीक होने की बजाय बिगड़ने तो नहीं जा रहीं! इन सभी आशंकाओं और सूचनाओं के बारे में जब लाइव इंडिया के सीईओ सुधीर चौधरी से भड़ास4मीडिया प्रतिनिधि ने आज संपर्क साधा तो उन्होंने इन सारी बातों को कुछ शरारती तत्वों द्वारा चैनल की छवि खराब करने की साजिश करार दिया। उनका कहना था कि चैनल की सकारात्मक बातें प्रचारित होने की जगह बेसिर-पैर की बातें फैलाई जा रही हैं जो किसी तरह से उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि पिछले महीने चैनल के ढेर सारे लोगों का प्रमोशन और इनक्रीमेंट किया गया। इसके कारण इस बार नई सेलरी स्लिप तैयार करने में स्वाभाविक रूप से थोड़ी देरी हुई। कुछ लोगों ने इस देरी को कई आशंकाओं में तब्दील कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि एचडीआईएल कंपनी के हाथों में चैनल का भविष्य पूरी तरह उज्जवल है। उन्होंने बताया कि ये जो मंदी की मार है उससे एचडीआईएल किसी तरह प्रभावित नहीं होगी बल्कि हम भविष्य में तीन-चार नए चैनल लाने की योजना बनाए हुए हैं। इसके लिए अलग से बजट रख दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि एचडीआईएल सिर्फ रियल स्टेट की कंपनी नहीं है बल्कि वो अब दूसरे कई क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। इस कारण किसी को भी किसी तरह की आशंका में नहीं जीना चाहिए।
उनका कहना था कि एक सर्वे की रिपोर्ट का कहना है कि रियल स्टेट की कंपनियों में एचडीआईएल सबसे भरोसेमंद और मजबूत आधार वाली है। इस सर्वे में लोगों से इस कंपनी में बिना डरे निवेश करने की सलाह भी दी गई। इससे यह जाहिर होता है कि एचडीआईएल पेशेवर तरीके से काम करने वाली एक बड़ी कंपनी है। सुधीर चौधरी ने दुख जताया कि कुछ लोग संस्थान में रहते हुए भी संस्थान को बदनाम करने और गलत छवि पेश करने में लगे हैं। उन्होंने खुद के बारे में उड़ रही अफवाहों पर भी विराम लगाते हुए कहा कि वे लाइव इंडिया छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। उनके बारे में कई तरह की अफवाहें समय-समय पर शरारती तत्वों द्वारा उड़ाई जाती हैं। चैनल लगातार बेहतर दिशा में जा रहा है और हम जल्द ही इसे उस मुकाम पर ले जाएंगे जहां पहुंचाने की मंशा चैनल के शीर्ष नेतृत्व की है।











