वीओआई न्यूज रूम में कार्य विभाजन से संबंधित मेल के चलते जारी हंगामा खत्म हो गया है। भड़ास4मीडिया पर खबर प्रकाशित होने के बाद न्यूज रूम के मुखिया अम्मार अल्वी ने आनन-फानन में एक नया मेल सभी को रवाना कर दिया। इस नए मेल के जरिए उन्होंने पुराने मेल और उसमें कही गई बातों को निरस्त समझने की घोषणा की। साथ ही पिछली गल्तियों को सुधारते हुए इस मेल में लोगों के पद व काम को संतुलित करने की कोशिश की है।
इस बीच एक नए घटनाक्रम के तहते वीओआई के लॉक हो चुके हैदराबाद आफिस पर बकायों के भुगतान का मामला गंभीर मोड़ की तरफ पहुंच चुका है। किराए पर लिए गए इस आफिस के मूल मालिक और टैक्सीवाला को बकाया भुगतान के लिए वीओआई प्रबंधन की तरफ से जो चेक दिया गया था, वो बाउंस हो गया है।
इससे नाराज दोनों जन अब कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। ये लोग वीओआई के मालिक, जिनके चेक पर हस्ताक्षर हैं, के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराएंगे। भड़ास4मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार वीओआई, हैदराबाद के कर्मचारी भी आफिस मालिक व टैक्सीवाले के साथ मिलकर इस लड़ाई को लड़ने की सोच रहे हैं।











