बैग (बीएजी) के चैनलों न्यूज 24 और ई 24 में छंटनी की खबर है। दिल्ली में न्यूज 24 से आधा दर्जन से ज्यादा वीडियो एडीटरों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इन लोगों को एक महीने की अग्रिम तनख्वाह देकर इनसे राम-राम कर लिया गया है। इसी तरह मुंबई में न्यूज 24 और ई 24 से संयुक्त रूप से तीन दर्जन से ज्यादा लोगों को बाहर का रास्ता दिखाए जाने की सूचना है। इनमें न्यूज और नान-न्यूज दोनों सेक्शन के लोग हैं। वैसे तो कहा जा रहा है कि यह छंटनी मंदी को देखते हुए की गई है लेकिन सूत्रों के मुताबिक बैग की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं चल रही है। ई 24 जैसा उनका प्रयोग कई प्रयासों के बावजूद पिट गया। इसने काफी नुकसान दिया। न्यूज 24 को चलाने में भी काफी पैसा लग रहा है। उधर, मार्केट गिरने से डांवाडोल चल रही हालत और भी पतली हो गई।
वैसे, प्रबंधन काफी दिनों से खर्चों में कटौती और आय में बढ़ोतरी के फार्मूले पर विचार कर रहा था। पर अब मंदी के हल्ले के बीच छंटनी के कार्य को अंजाम दे दिया गया और दिल्ली समेत कई राज्यों में चुनाव के मौके का आय बढ़ाने के नए माध्यम के रूप में इस्तेमाल करने पर काम शुरू कर दिया गया।
मुंबई से न्यूज 24 और ई 24 के कई लोगों ने भड़ास4मीडिया को फोन से सूचित कि उन जैसे कई लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है लेकिन वे खुद को यूं ही बहरियाए जाने को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके खिलाफ जो कुछ संभव होगा, वो रास्ता अपनाया जाएगा।