वरिष्ठ पत्रकार अनिल सिंह उर्फ अनिल रघुराज का तबादला स्टार न्यूज के मुंबई आफिस से दिल्ली के लिए कर दिया गया है। उन्होंने एक अक्टूबर को दिल्ली में आकर स्टार न्यूज में अपना कामधाम शुरू कर दिया है। स्टार न्यूज से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अनिल अब पूरी तरह से मुंबई में बस चुके हैं इसलिए उनका दिल्ली में टिक पाना मुश्किल माना जा रहा है। अनिल रघुराज हिंदी के जाने-माने ब्लागर हैं। एक हिंदुस्तानी की डायरी के नाम से उनका चर्चित ब्लाग है।
वे हिंदी ब्लागिंग में विभिन्न समकालीन आर्थिक-राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर गहन विश्लेषणात्मक लेखन के लिए जाने जाते है। अनिल प्रिंट और टीवी दोनों माध्यमों की पत्रकारिता में 17 वर्षों से सक्रिय हैं। वे स्टार से पहले एनडीटीवी और सीएनबीसी में भी काम कर चुके हैं। टीवी से पहले वे प्रिंट में लंबी पारी खेल चुके हैं। उन्होंने अमर उजाला में लंबे समय तक काम किया है। छात्र जीवन में वामपंथी आंदोलन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे अनिल कई वर्षों तक जर्मन रेडियो की हिंदी सेवा के लिए जर्मनी में रहकर काम कर चुके हैं।











