भोजपुरी के बाद अब मैथिली में भी 24×7 चैनल आने लगे हैं। शुरुआत कर रहा है सौभाग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड। यह कंपनी ‘सौभाग्य’ नाम से एक आध्यात्मिक चैनल का पहले से ही संचालन कर रही है। अब यह ‘सौभाग्य मिथिला’ नामक चैनल कल सुबह पांच बजकर पचपन मिनट से लांच करने जा रही है। पांच करोड़ मैथिल भाषियों को ध्यान में रखकर लाया जा रहा यह चैनल संपूर्ण मैथिल इंटरटेनमेंट चैनल होगा। सौभाग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन हैं राजेंद्र धमीजा। इस कंपनी के दोनों चैनलों के सीईओ हैं प्रफुल्ल कुमार मिश्र। ‘सौभाग्य मिथिला’ के प्रोग्रामिंग हेड के बतौर कामधाम देख रहे हैं शैलेंद्र।
मैथिल परंपरा, बोली, साहित्य, संस्कृति, गीत-संगीत और लोक जीवन को संपूर्णता के साथ इस चैनल पर उतारने की तैयारी है। हर उम्र और वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए प्रोग्राम तैयार कराए गए हैं। इस मैथिल मनोरंजन चैनल पर दो घंटे भोजपुरी के कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाएंगे। सौभाग्य मिथिला पर संपूर्ण मैथिल रामायण प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा ‘फूलडालि’,’मैथिली मजा’, ‘खटमिट्ठी’, ‘सिंगरहाल’, ‘भनहि विद्यापति’, ‘मैथिली मिक्स मसाला’, ‘डियर भावज’, ‘अंग्रेजी कका’, ‘सास-पुतोहु’, ‘अटकन-भटकन’ जैसे कार्यक्रम दिखाए जाएंगे। इस चैनल का दिल्ली में आफिस ए-6/1, मायापुरी फेज-1 में है।











