खबर है कि सहारा समय के एनसीआर चैनल के हेड पद से पुनीत कुमार को हटा दिया गया है। एमपी चैनल को हेड कर रहे राजेश कुमार सिंह को एनसीआर का भी प्रभार सौंपा गया है। सूत्रों का कहना है कि सहारा प्रबंधन अपने टीवी न्यूज चैनलों के लगातार खराब प्रदर्शन से बेहद नाखुश है और अब सख्त कार्रवाई के मूड में है। नेशनल चैनल से जुड़े वरिष्ठ लोगों को भी अल्टीमेटम दे दिया गया है कि वे अगले कुछ महीनों में चैनल की टीआरपी सुधारें या फिर विदा लें। बताया जा रहा है कि प्रबंधन डिस्ट्रीव्यूशन ठीक करने में जुटा हुआ है, इसलिए बेहतर कंटेंट के लिए न्यूज रूम के वरिष्ठों और चैनल हेड्स पर दबाव बनाया जा रहा है। संभव है कि अगले कुछ महीनों में सहारा के दूसरे न्यूज चैनलों के हेड भी हटा दिए जाएं।
खबर है कि गणेश झा ने दैनिक जागरण, पटना को बाय बोल दिया है। वे नई पारी दिल्ली में वीओआई के साथ शुरू करने जा रहे हैं। वे एसोसिएट एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के पद पर ज्वाइन करेंगे। गणेश झा 26 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वे जनसत्ता में कुल 12 साल रहे और इस अवधि में दिल्ली, मुंबई और चंडीगढ़ में काम किया। दैनिक हिंदुस्तान, दिल्ली में भी पांच साल के करीब कार्यरत रहे। बाद में वे देशबंधु के नेशनल ब्यूरो के चीफ भी रहे।











