जी ग्रुप वालों (एस्सेल समूह) ने खेल के धंधे को सजाने-संवारने और बढ़ाने के लिए नया सीईओ अप्वाइंट कर दिया है। नाम है अतुल पांडे। अतुल एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा और जील (जी इंटरटेनमेंट इंटरप्राइज लिमिटेड) के सीईओ पुनीत गोयनका को रिपोर्ट करेंगे। एस्सेल ग्रुप स्पोर्ट्स के फील्ड में काफी कुछ करता-कराता है।
जी स्पोर्ट्स और टेन स्पोर्ट्स जैसे दो न्यूज चैनल हैं। इंडियन क्रिकेट लीग उर्फ आईसीएल है। मुंबई फुटबाल क्लब है। खेल की कई पत्रिकाएं हैं। इन सभी के सीईओ हो गए हैं अतुल पांडे। अतुल इससे पहले सीडीबीएस फाइनेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। हिमांशु मोदी, जो जी स्पोर्ट्स चैनल के बिजनेस हेड हुआ करते थे, को बड़ा कार्यक्षेत्र दे दिया गया है। उन्हें एस्सेल ग्रुप के फाइनेंस व स्ट्रेटजी का हेड बना दिया गया है। हिमांशु भी सुभाष चंद्रा को रिपोर्ट करेंगे। सूत्रों का कहना है कि एस्सेल ग्रुप के स्पोर्ट्स बिजनेस के सीईओ बनाए गए अतुल पांडे के सामने सबसे बड़ी चुनौती आईसीएल के उद्धार की है। आईसीएल का बुरा दौर चल रहा है और करीब-करीब इसका बंटाधार हो चुका है। इसके कई खिलाड़ी अपने क्रिकेट बोर्डों में जा चुके हैं और आईसीसी ने भी आईसीएल को मान्यता देने से इनकार कर दिया है।











