प्रेस विज्ञप्ति
स्लमडॉग मिलियनेयर के गीत ‘जय हो’ के गायक सुखविंदर ने कहा है कि कांग्रेस को ‘जय हो’ गीत का इस्तेमाल किसी के खिलाफ नहीं करना चाहिए. कांग्रेस को गीत का उपयोग ऐसे करना चाहिए कि ये कांग्रेस से जुड़ा लगे. सुखविंदर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें संदेश भेजा है कि गाने का इस्तेमाल सिर्फ कांग्रेस की तारीफ में होगा. स्टार न्यूज के कार्यक्रम जो कहूंगा, सच कहूंगा में दीपक चौरसिया से बातचीत में सुखविंदर ने चुटकी ली कि अब कांग्रेस की इज्जत के साथ ‘जय हो’ की इज्जत का भी सवाल जुड़ गया है.
सुखविंदर ने कहा कि ‘जय हो’ गाना तैयार होने के बाद जब उन्होंने रहमान से कहा कि ये गाना अंतरराष्ट्रीय अवार्ड जीतेगा तो रहमान नाराज हो गए. रहमान ने सुखविंदर से कहा कि तुम ऐसा पहले भी चार बार कह चुके हो. सुखविंदर ने कहा कि गुलजार शब्दों के साथ और रहमान धुनों के साथ जो प्रयोग करते हैं वो प्रयोग सहज होता है इसलिए लोगों के दिल में घर कर जाता है.
सुखविंदर ने कहा कि गाने के वक्त यह नहीं सोचना चाहिए कि इसे अवार्ड मिलेगा या नहीं. रिकॉर्डिंग के समय अगर हम प्रॉपर्टी, कार या अवार्ड की बात करेंगे तो गाना तो अच्छा बन जाएगा लेकिन वह लोगों के दिल को छू नहीं पाएगा. लोगों का दिल जीतने के लिए जरूरी है कि गीत के बोल समझे जाएं और अगर गीत फिल्म की कहानी से जुड़ा है तो उस स्थिति को भी समझना चाहिए.
सुखविंदर ने कहा कि जब उन्हें ‘चक दे इंडिया’ गाने के लिए कहा गया था तो उन्होंने दो दिन का समय मांगकर मेजर ध्यानचंद की कई डॉक्यूमेंट्री देखी थी और कई हॉकी खिलाड़ियों से बात की थी ताकि गाने में जान डाली जा सके. उन्होंने कहा कि इस काम में दो दिन का समय देने के बाद जब मैंने ‘चक दे इंडिया’ गाया तो हॉकी की पूरी भावना उसमें थी. सुखविंदर ने बताया कि वो बचपन से दौड़ में ओलंपिक मेडल जीतने का सपना देखते थे और इसके लिए खूब प्रैक्टिस करते थे. लेकिन एक मोड़ आया कि वो संगीत की ओर बढ़ते ही चले गए.











