गुजरात में टीवी9 अपनी लांचिंग के छह महीने के अंदर ही नंबर एक की पोजीशन पर पहुंच गया है। चैनल के एचआर और एडमिन मैनेजर हीरेन व्यास ने भड़ास4मीडिया को जानकारी दी कि पिछली चार टीआरपी रेटिंग टीवी9 के नंबर वन चैनल बनने के लिए पर्याप्त आधार है। इतने कम समय में नंबर वन का खिताब पाना इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है। टीवी9 ने बीते दिनों आशाराम आश्रम केस, हैदराबाद बम ब्लास्ट, अहमदाबाद बम ब्लास्ट, सूरत में बम नष्ट किया जाना, सूरत में बाढ़ आदि घटनाओं को प्रमुखता से और कई एंगिल से कवर किया।
इसके चलते दर्शकों में इस चैनल की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती चली गई। टीवी9 ने सिर्फ घटनाओं को जस का तस दिखाया ही नहीं बल्कि समाज व देश की सुरक्षा व अखंडता के लिए पहल करने में भी देर नहीं की। अहमदाबाद के सिविल हास्पिटल के ट्रामा सेंटर में बम धमाकों के बाद टीवी9 ने शांतिपूर्ण तरीके से आतंकवाद विरोधी मार्च आयोजित किया। गुजरात राज्य के कई राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहलुओं को टीवी9 ने एक्सक्लूसिव खबरों के जरिए राज्य के दर्शकों तक पहुंचाया। टीवी9 को गुजरात राज्य का नंबर वन चैनल बनने पर भड़ास4मीडिया की तरफ से शुभकामनाएं।











