यूएनआई वर्कर्स यूनियन, दिल्ली के चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष बीबी तिवारी को पराजित कर एमएल जोशी प्रेसीडेंट चुन लिए गए। ये चुनावी भिड़ंत कितनी प्रतिस्पर्द्धापूर्ण थी, इसका अंदाजा इसी बात से लग जाता है कि छुट्टी पर गुजरात गए अमित पांडेय सिर्फ अपना वोट डालने दिल्ली पहुंचे और मतदान कर पुनः वापस लौट गए। दूसरी दिलचस्प बात ये रही कि पिछली बार की तरह इस दफे भी ज्यादातर प्रमुख पदों पर जनरल सेक्रेटरी राजेश कुमार के पैनल का दबदबा कायम हो गया। राजेश कुमार ने महासचिव पद पर मुकेश कौशिक को हराया। चुनाव जीतने के बाद यूनियन महासचिव राजेश कुमार ने भड़ास4मीडिया को बताया कि वाइस प्रेसीडेंट एके बनर्जी ने आरपी कपूर को पराजित कर दिया। इनके अलावा नीलिमा और जयश्री एस. राजा सेक्रेटरी चुनी गईं।
इन्होंने समरेंद्र पाठक, प्रदीप कुमार गुप्ता और सुशील कुमार को हराया। निवर्तमान ट्रेजरार विशन सिंह नेगी को पराजित कर पंकज मेहरोत्रा कोषाध्यक्ष चुन लिए गए। यूनियन के कुल 12 इक्जक्यूटिव में से नौ राजेश पक्ष के और तीन अध्यक्ष के पैनल से निर्वाचित हुए। इसके लिए कुल चौबीस लोग मैदान में थे। राजेश कुमार के पैनल से आकांक्षा जैन, पार्थिव कुमार, वीरेंद्र वर्मा, आनंद सक्सेना, रवींद्र कुमार, बलराज सिंह, एन एन सूद, एनए आलमगीर और इकबाल सिंह जीते, जबकि विजयी अध्यक्ष के पैनल से इमरान खान, एके चटर्जी, मनोरंजन दास चुने गए। कुल छह प्रमुख पदाधिकारियों एवं दर्जन भर सदस्यों के इस चुनाव में इस बार राजेश कुमार के पैनल से 14 लोग निर्वाचित हुए हैं। इस बार इस पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी को तो हार का मुंह देखना पड़ा लेकिन कोषाध्यक्ष समेत अन्य सभी पदों पर पुनः इसी का कब्जा हो गया। उल्लेखनीय है कि कुल 324 की सदस्य संख्या वाली यह यूएनआई की देश की सबसे बड़ी यूनियन है। परसों यूनियन कार्यालय परिसर में हुए चुनाव में कुल 303 लोगों ने मतदान किया।