उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (यूपीएसएसीसी) के चुनाव में अध्यक्ष पद पर हिसामुल इस्लाम सिद्दिकी (जदीद मरकज साप्ताहिक), उपाध्यक्ष पद पर मुदित माथुर (स्वतंत्र पत्रकार), सचिव पद पर योगेश मिश्रा (नईदुनिया), कोषाध्यक्ष पद पर जीतेंद्र शुक्ला (ईएमएस न्यूज एजेंसी) निर्वाचित घोषित किए गए हैं। कुल 287 वोटरों में से 263 ने मतों का इस्तेमाल किया था।
हिसामुल इस्लाम सिद्दिकी को कुल 89 वोट मिले। उन्होंने हेमंत तिवारी को हराया जिन्हें 83 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे मनमोहन को 81 मतों से संतोष करना पड़ा। एक अन्य प्रत्याशी प्रभात त्रिपाठी को सिर्फ 5 वोट ही मिल पाए।
उपाध्यक्ष पद पर मुदित माथुर ने 95 वोट पाकर सत्यवीर सिंह को हराया। सत्यवीर को कुल 87 वोट मिले।
सचिव बने योगेश मिश्रा को 96 वोट मिले। दूसरे नंबर पर अनुराग त्रिपाठी रहे जिन्हें 74 वोट हासिल हुए। एक अन्य प्रत्याशी प्रांशु मिश्रा भी 71 वोट पाकर मजबूत उपस्थिति का एहसास करा गए।
कोषाध्यक्ष बने जीतेंद्र शुक्ला को 122 वोट मिले। उन्होंने हेमंत मैथिल को हराया जिन्हें 81 मतों पर ही सिमटना पड़ा। एक अन्य प्रत्याशी चंद्रकिशोर शर्मा को 42 वोट मिले।
कार्यकारिणी सदस्य के लिए कुल 15 प्रत्याशी थे जिनमें से सात चुने जाने थे। इस बार सात की बजाय आठ लोग चुने गए क्योंकि दो लोगों को वोट बराबर-बराबर मिले। इनको लेकर तय किया गया कि ये दोनों बारी-बारी से छह-छह महीने कार्यकारिणी सदस्य रहेंगे। इनके नाम हैं सुरेंद्र सिंह और अविनाश चंद्र मिश्रा। अन्य निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य इस प्रकार हैं- शरत प्रधान, अजय श्रीवास्तव, दयाशंकर शुक्ल सागर, नीरज श्रीवास्तव, दिलीप सिन्हा और निजाम अंसारी।