हफ्ते भर लगेंगे चैनल आन एयर होने में : वीओआई के कर्मियों ने इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू कर दिया है। वे वीओआई को अभी तक चलाने वाली कंपनी त्रिवेणी मीडिया लिमिटेड की सेवा से मुक्त हो रहे हैं और बदले में अब तक के बकाये की रकम का भुगतान पा रहे हैं। इन कर्मियों को अब वीओआई को टेकओवर करने वाली नई कंपनी ‘सर्चलाइट मूवीज’ का इंप्लाई बनना होगा। इन्हें नए सिरे से नियुक्ति पत्र सौंपा जा रहा है।
चैनल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि श्राद्ध की वजह से अभी तक आफिसों और सभी सामानों का नई कंपनी ने औपचारिक तौर पर अधिग्रहण नहीं किया है। अगले कुछ दिनों में पजेसन व अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू हो जाएगी। इसके बाद चैनल को आन एयर करने के लिए सभी लोग जुटेंगे। बताया जा रहा है कि नोएडा स्थित वीओआई के आफिस से कई तकनीकी उपकरण गायब हैं। ऐसा तकनीकी कर्मचारियों के हड़ताल के दिनों में हुआ था। प्रबंधन तकनीकी कर्मचारियों को विश्वास में लेकर उनसे गायब उपकरण जमा करने का अनुरोध कर रहा है। बताया जा रहा है कि चैनल के आन एयर होने में अभी कम से कम एक हफ्ते का समय लगेगा।












