रीजनल न्यूज चैनल जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ की पहली वर्षगांठ पर रायपुर में ‘विहान-09’ का आयोजन किया गया। साइंस कालेज मैदान में प्लेबैक सिंगर सुखविंदर सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से फर्स्ट इयर सेलिब्रेशन को खास बनाया। रिमझिम बारिश के बीच जोशीले गायक सुखविंदर सिंह की गायिकी से साइंस कालेज मैदान गूंज उठा। अपने जोशीले आवाज के साथ सुखविंदर की गायिकी ने तो दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हजारों लोगों से खचाखच भरा साइंस कालेज मैदान सुखविंदर सिंह की एक झलक पाने को बेताब दिखाई दिया। सुखविंदर ने फिल्म ‘फैशन’ के गीत ‘ये जलवा…’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके साथ ही दर्द-ए-डिस्को… हौले-हौले से हवा लगती है… बीड़ी जलई ले… ढेण टेणे…. के साथ ही जय हो.. गीत के उनके परफारमेंस ने तो राजधानीवासियों को देर रात तक झुमाया।
इस पूरे कार्यक्रम में करिश्मा तन्ना से खास भूमिका निभाई। अपने अनूठे व निराले अंदाज में उन्होंने प्रोग्राम की एंकरिंग की और दर्शकों को बांधे रखा। सेलिब्रिटीज की इस श्रृंखला में छोटे पर्दे से बड़े पर्दे की ओर रुख कर चुकी प्राची देसाई ने भी अपने डांस से लोगों का जबरदस्त मनोरंजन किया। एंटरटेनमेंट के दौर में जब बारी आई गौहर खान की तो दर्शक वर्ग ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। मॉडल से एक्ट्रेस बनी गौहर खान ने अपने जबरदस्त डांस परफारमेंस से ओडियंस को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया।
विहान-09 में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह उपस्थित थे। चैनल के एमडी लक्ष्मी गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर शहीद एसपी वीके चौबे को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी धर्मपत्नी रंजना चौबे ने ग्रहण किया। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में राजनांदगांव की फुलवासन बाई, कृषि के क्षेत्र में नारायण भाई चावड़ा, समाजसेवा के क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन से स्वामी सत्यरूपानंद को, कला के क्षेत्र में पदमश्री गोविंदराम निर्मलकर, आदर्श ग्राम के लिए तेलीगुंडरा, शिक्षा के क्षेत्र में जीवन विद्या आश्रम के सोमदेव शास्त्री और चिकित्सा के क्षेत्र से डा. संजय शर्मा को मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के हाथों सम्मानित किया गया।