आरुषि तलवार मामले में अश्लील एमएमएस को खबरिया चैनल इंडिया न्यूज द्वारा दिखाए जाने को सरकार ने बेहद गंभीरता से लेते हुए चैनल को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
इंडिया न्यूज को जवाब देने के लिए 15 दिन का वक्त दिया गया है। इस मामले की संजीदगी को देखते हुए चैनल पर टेंपररी बैन भी लग सकता है। सरकार के कड़े रुख को देखते हुए इस पूरे मामले में दूसरे चैनलों पर भी गाज गिर सकती है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एमएमएस को अश्लील और अपमानजनक माना है। इससे पहले सोमवार को आरुषि तलवार की मां नूपुर तलवार ने नैशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स ( एनसीपीसीआर ) में टीवी चैनलों और बालाजी टेलिफिल्म्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। नूपुर तलवार ने अपनी शिकायत में चैनल को आरुषि के चरित्र हनन के लिए जिम्मेदार ठहराया है। नूपुर के मुताबिक आरुषि के कैरेक्टर पर सवाल उठाने के सिलसिले की शुरुआत यूपी पुलिस ने की थी। वहीं, बालाजी टेलिफिल्म्स ने अपने सीरियल ‘ कहानी घर घर की ‘ में आरुषि मामले से मिलती-जुलती कहानी दिखा रही है। शिकायत में कहा गया है कि इस सीरियल में ऑनर कीलिंग को सही ठहराया गया है।
इस पूरे मामले को देखते हुए अब सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा चैनलों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इनमें चैनलों पर टेंपररी बैन लगाने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
साभारः नवभारत टाइम्स











