दिल्ली के श्रीनिवासपुरी थाने में एक स्थानीय पीआर कंपनी के अधिकारी पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई गई है. यह शिकायत एक टीवी चैनल के पत्रकार पुनीत भारद्वाज ने दर्ज कराई है. पुनीत ने पुलिस को बताया है कि उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुनीत ने पुलिस को बताया कि ब्रैंड्योर कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी के अधिकारी ने सुबह ग्यारह बजकर चार मिनट पर अपने निजी नंबर से फोन किया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी. पुनीत ने यह भी बताया कि इसी अधिकारी ने चेन्नई में रहने वाली उनकी बहन को भी फोन करके के धमकी दी है. जबकि इस मामले में आरोपी बनाए गए हरीश चावला ने इस तरह की किसी भी बात से इनकार किया है.
पुनीत ने पुलिस को बताया कि बीते शनिवार को चार बजे इसी कंपनी के एक दूसरे अधिकारी ने भी अपने निजी नम्बर से उन्हें फोन किया और धमकियां दीं. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने पुनीत को आश्वस्त किया है कि धमकी का आरोप सही पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा. उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.











