: मनोज भावुक विश्व भोजपुरी सम्मलेन,दिल्ली के अध्यक्ष बने : विश्व भोजपुरी सम्मलेन की झारखंड इकाई द्वारा गत २६-२७ सितम्बर को विरसामुंडा की पावन भूमि रांची में सम्मलेन की कार्यकारिणी के राष्ट्रीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से युवा कवि मनोज भावुक को विश्व भोजपुरी सम्मलेन की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया. मनोज विश्व भोजपुरी सम्मलेन, ब्रिटेन इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं.
वे अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मलेन के प्रबंध मंत्री भी रह चुके हैं. बैठक में मनोज ने युवाओं के लिए भोजपुरी कार्यशाला व साल में कम से कम एक बार भोजपुरी पुस्तक मेला करने का प्रस्ताव रखा जिसे अंतरराष्ट्रीय महासचिव अरुणेश नीरन ने मंजूरी दे दी. नीरन ने कहा जनवरी में वाराणसी में होगी युवाओं के लिए भोजपुरी कार्यशाला व अगले सम्मलेन में ऋषिकेश में भोजपुरी पुस्तक मेला. नीरन ने यह भी कहा कि मनोज दिल्ली में अपनी कार्यकारिणी का गठन करें व उसमें अधिक से अधिक युवा-युवतियो को शामिल करें.
इस अवसर पर सम्मेलन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.एन. तिवारी, सभी प्रदेशों के प्रांतीय अध्यक्ष के अलावा दूरदर्शन रांची के निदेशक शैलेश पंडित, आकाशवाणी रांची के सीनियर उदघोषक कुमार ब्रिजेन्द्र, भोजपुरी संसार पत्रिका के सम्पादक मनोज श्रीवास्तव, संस्था के प्रचार-प्रसार सचिव कुलदीप श्रीवास्तव, भोजपुरी सेवा संस्थान, लखनऊ के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, गत वर्ष आगरा में हुए विश्व भोजपुरी सम्मलेन के संयोजक अशोक चौबे, वरिष्ठ समाज सेवी माधव सिंह, अखिल विश्व भोजपुरी समाज के आरा अध्यक्ष ब्रजेश सिंह समेत विभिन्न प्रान्तों से आये साहित्यकार, पत्रकार, कलाकार व गायक उपस्थित थे.
इस दो दिवसीय सम्मलेन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया. इसका उदघाटन करते हुए खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री सुबोध कान्त सहाय ने कहा कि आज प्रधानमंत्री का जन्म दिन है और मै इस मंच से प्रधानमंत्री से यह आग्रह करता हूँ कि भोजपुरी को अतिशीघ्र आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाय. सहाय ने भोजपुरी फिल्मकारों की भी खिचाईं की. कहा सख्त जरूरत है स्टैण्डर्ड उठाने की. अंतरराष्ट्रीय महासचिव अरुणेश नीरन ने कहा कि विश्व भोजपुरी सम्मलेन भोजपुरी को उसका वाजिब हक़ दिलाने के लिए प्रतिबद्धहै. सम्मलेन को अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.एन तिवारी,विधान सभा अध्यक्ष सीपी सिंह, दूरदर्शन रांची के निदेशक शैलेश पंडित, सांसद राजनीति प्रसाद, वरिष्ठ समाज सेवी माधव सिंह, विजय पासवान आदि ने भी संबोधित किया.
फिर सजी सुर की महफ़िल. आगाज किया भोजपुरी सम्राट भरत शर्मा ने. गायिका देवी ने लोक लहरी में सबको डुबो दिया. प्रतिभा सिंह, नीतू सिंह नूतन, दीपक त्रिपाठी, सुशांत व राजकुमार आदि ने दर्शको को झूमने-नाचने पर मजबूर कर दिया. आरा से आई पूनम सिंह की टीम व रांची के अजय मलकानी के ग्रुप ने भी अनेक रंगारंग कार्यक्रम दिए और रांची में देर रात तक गूंजती रही भोजपुरिया फ़नकारों की आवाज.












Aakash Singh
September 29, 2010 at 7:51 am
Bhawuk ji ko Bahut Bahut Badhai,
vijay pandey
September 29, 2010 at 10:04 am
bahut bahut badhai ho monoj bhai , ab jake sahi jagah per sahi aadmi baitha hai, adhayakh pad ke karykal ke ujjawal bhawishya ki kamna kerta hun ,