वाराणसी के वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र मोहन तिवारी का मंगलवार को अपराह्न हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया. वे 68 वर्ष के थे. 23 मार्च को हार्ट अटैक के बाद उन्हें लंका स्थित हेरिटेज हास्पीटल में भर्ती कराया गया था. सोमवार को स्वस्थ होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी. उनका अंतिम संस्कार देरशाम मर्णिकर्णिका घाट पर कर दिया गया. मुखाग्नि उनके एकमात्र पुत्र अविनाश ने दी.
स्व. तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत 1980 में वाराणसी में नेशनल हेराल्ड के प्रतिनिधि के रूप में की थी. सारी उम्र इसी अखबार के साथ गुजार दी थी. 2002 में ये 22 साल की सेवा के बाद रिटायर हो गए थे. ये अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र व तीन पुत्रियों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं.











