पत्रकार संरक्षण कानून की मांग को लेकर मंगलवार को महाराष्ट्र के सभी जिले और तालुकाओं के पत्रकार मोर्चा निकालेंगे. अब समय आ गया है कि पत्रकारों पर होने वाले हमलों पर रोक लगे. यह बात पत्रकार हमला विरोधी कृति समिति के संयोजक एसएम देशमुख ने कही.
समिति की बैठक के बाद देशमुख ने कहा कि राज्य में पत्रकारों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं. अहमदनगर जिले के नागलवाड़ी में रेत माफिया ने दो पत्रकारों पर जानलेवा हमला किया. जिसमें वे बाल-बाल बच गए. पिछले दो साल में पत्रकारों पर हमले की 172 घटनाएं हो चुकी हैं. जो सोचनीय और निंदनीय हैं.
उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हमलों की बढ़ोतरी का असली कारण पत्रकारों को कानून में किसी भी तरह का संरक्षण न हासिल होना है. जिसके कारण हमले करने वाले बेखौफ होकर पत्रकारों पर हमला कर रहे हैं. इसी के चलते हमला विरोधी समिति पिछले छह महीने से राज्य में कानून बनाने की मांग कर रही है.
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले राज्य सरकार ने पत्रकार संरक्षण कानून का मसौदा तैयार किया था. परन्तु राकांपा के नेताओं के विरोध के कारण इसे सदन में पेश नहीं किया जा सका.











