आज समाज ने अपने सिरसा और फतेहाबाद संस्करण की लांचिंग कर दी है. सिरसा में जहां इसकी लांचिंग 8 सितम्बर को हुई वहीं फतेहाबाद में इसका प्रकाशन 11 सितम्बर से शुरू हुआ. अंबाला व चंडीगढ़ में अपनी धमक जमा चुका आज समाज अखबार 6 पन्नों के साथ दोनों जिलों से अलग-अलग निकलेगा. सिरसा में अखबार की कमान भास्कर में एक दशक तक काम कर चुके दिनेश कौशिक को सौंपी गई है, फतेहाबाद की जिम्मेदारी मारकंडे पांडे को सौंपी गई है.
मारकंडे पांडे इससे पहले दैनिक जागरण पानीपत में बतौर सब एडीटर कार्य कर चुके हैं, उनके साथ अमर उजाला में काम कर चुके अशोक शर्मा, अमित मेडिल व फोटोग्राफर सुधीर नाथल की युवा टीम है. फतेहाबाद में लांचिग के समय सर्कुलेशन हेड गगन दुआ व मार्केटिंग हेड उमेश कश्यप भी मौजूद थे. सिरसा में दिनेश कौशिक की टीम में भास्कर छोड़कर आए अरुण भारद्वाज व सांध्य दैनिक समरघोष में काम कर चुके राजकमल कटारिया शामिल किए गए हैं. सिरसा व फतेहाबाद में पंजाब केसरी का एक तरह से वर्चस्व कहा जाता है. जहां दैनिक भास्कर व दैनिक जागरण जैसे बड़े समाचार पत्र समूह ने बड़ी मेहनत और मुश्किल से अपना मुकाम हासिल कर पाए.
अब इन जिलों में आज समाज भी अंबाला व चंडीगढ़ की तरह यहां अपने अलग क्लेवर के साथ उतरकर इन अखबारों को चौंकाने की तैयारी कर चुका है. सिरसा भास्कर की बात की जाए तो यहां पर भास्कर की टीम जाने से हिसार यूनिट से अमित धवन को विशेष तौर पर भेजा गया है. अब सभी को आने वाले वक्त का इंतजार है, जिस में यह पता चलेगा कि आज समाज पश्चिमी हरियाणा में किस प्रकार से अपनी जगह बना पाता है.
सिरसा से रविंद्र सिंह की रिपोर्ट.











