लखनऊ में टाईम्स ऑफ इंडिया को लंबे समय तक सेवा देने वाले और वर्तमान में उत्तराखंड के देहरादून में इनसाइट एक्सप्रेस साप्ताहिक और दूरदर्शन पर हिलवाणी चैनल चलाने वाले राजेन्द्र तिवारी को काम के दबाव ने बीमार और अपाहिज बना दिया है।
अंबेडकर नगर के मूल निवासी श्री तिवारी आज देहरादून के एक प्राइवेट अस्पताल में अपनी लाचारी पर आंसू बहा रहे हैं और उस घड़ी को कोस रहे हैं जब उन्होंने पत्रकारिता में कदम रखा था। चैनल के लिए विज्ञापन का जुगाड करने में लगे श्री तिवारी को उत्तराखंड सचिवालय से लौटने के दौरान अचानक हार्ट अटैक का दौरा पडा। जब तक वे कुछ समझ पाते तब तक उनके शरीर का दाहिना हिस्सा पैरालाइज की चपेट में आ चुका था।
उनके ड्राईवर ने आनन फानन में उन्हें देहरादून के ईसी रोड स्थित एक हार्ट स्पेशलिस्ट के यहां भर्ती कराया। जहां उनका इलाज शुरू हुआ। इस समय श्री तिवारी आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टर का कहना है कि उन्हें स्वस्थ होने में साल भर से अधिक का समय लगेगा।
देहरादून से बबलू दुर्गवंशी की रिपोर्ट.











