पानीपत : एक निजी चैनल के ऑफिस पर हमला करके कई पत्रकारों के साथ मारपीट करने के मामले में हरियाणा जनहित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय कादियान की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस ने हमला करने के आरोपियों को शरण देने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक को कोर्ट ने जमानत पर छोड़ दिया. इस घटना को लेकर हरियाणा के पत्रकारों में रोष है.
बीते बृहस्पतिवार को हजकां जिलाध्यक्ष संजय कादियान के मीडिया प्रभारी कन्हैया व उसके साथियों ने नवल सिनेमा स्थित एक न्यूज चैनल के कार्यालय में तोड़फोड़ कर लूटपाट की थी. उन्होंने कैमरामैन प्रदीप, संदीप व कर्मचारी पवन को पीटकर घायल कर दिया था. इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे. चैनल की ओर से थाना शहर पुलिस में हजकां जिलाध्यक्ष संजय कादियान, कन्हैया लाल और उसके दो साथियों पर लूटपाट का मामला दर्ज कराया गया था.
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं. मुख्य आरोपी अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं परन्तु पुलिस ने शरण देने के आरोपी राजपाल निवासी सिवाह और सुरेश निवासी हलदाना को गिरफ्तार किया. इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने राजपाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और सुरेश को जमानत पर छोड़ दिया गया है. पुलिस संजय समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस बीच हजकां अध्यक्ष कुलदीप विश्नोई ने इस मामले पर अफसोस जताते हुए मीडियाकर्मियों ने माफी मांगी है.











