: फतेहपुर में खुलेआम पंचायत चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों से वसूला जा रहा है पैसा : पंचायत चुनाव ने फतेहपुर की पत्रकारिता को नए सिरे से कसौटी में कसने की जरुरत महसूस करा रहा है. चुनाव में नामांकन कराने आये जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के फोटो खींचने को लेकर छायाकारों द्वारा खुलमखुल्ला धन उगाही की जा रही है. खुलेआम बेशर्मी भरा खेल कोर्ट कैम्पस के अंदर देखकर काउंसिलों सहित वादकारी और समर्थक पूरी पत्रकारिता को लानत भेज रहे हैं.
इससे ना तो जिले के वरिष्ठ पत्रकार ही सबक ले रहे हैं, और ना ही पत्रकारिता के परिवार में सदैव बड़ी अम्मा का रोल अदा करने वाले तथाकथित बड़े बैनरों से जुड़े मठाधीश. प्रत्याशियो से उगाही में शायद ही किसी समाचार-पत्र का छायाकार अलग हो. सबसे ज्यादा लज्जाजनक यह भी है कि छायाकारों द्वारा फोटो खींच कर अखबार में छापने के एवज में प्रत्याशियों से पैसा प्राप्त करने कि आपाधापी व धींगामुश्ती के चलते जेबों व नोटों के फटने की शिकायत कई प्रत्याशियों ने जिलाधिकारी से भी की है.
छायाकारों की इस ढीठता को जहां अधिवक्ता पत्रकारों को आईनें में अपनी सूरत देखने की जरुरत बता रहे हैं, वहीं भ्रष्ट अधिकारी ऐसे छायाकारों तथा पत्रकारों को अपने गिरेबान में झांकने की भी नसीहत देने लगे हैं. छिछोरे छायाकारों के चलते पत्रकारों की छवि की हो रही छीछालेदर के बाद भी सबक न लिया गया और इस पेशे में आ रही सड़ांध को दूर नहीं किया गया, तो वह दिन दूर नहीं जब सवाल पूछना तो दूर उत्तर देने लायक भी बचने की संभावना नहीं होगी पत्रकारों की. 
फतेहपुर से सीबी सिंह त्यागी की रिपोर्ट.












amresh
October 4, 2010 at 8:42 pm
good tyagi ji[b][/b]