मुंबई के वरिष्ठ क्राइम रिपोर्टर ज्योतिर्मय डे की हत्या से वॉलीवुड भी स्तब्ध है. बॉलीवुड की कई जानी मानी हस्तियों ने माइक्रो ब्लागिंग साइट पर ट्विटर पर जेडे की हत्या की निंदा करते हुए हत्यारों को जल्द से जल्द तथा कड़ी सजा देने की वकालत की है. जेडे की हत्या से बॉलीवुड भी सहमा हुआ है.
अपने ट्विट में निर्देशक मधुर भंडारकर ने जेडे पर हमले को ‘स्तब्ध’ करने वाला बताया है. उन्होंने कहा, “मैं जे डे की इस तरह मौत से स्तब्ध हूं, वह साहसी क्राइम रिपोर्टर थे. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे.”
अभिनेत्री सोनम कपूर ने ट्विटर पर लिखा है, ” यह घटना डरावनी और स्तब्ध कर देने वाली है.”
अभिनेत्री मिनिषा लाम्बा जेडे की हत्या को स्तब्धकारी बताते हुए लिखा है, ”दिन-दहाड़े पत्रकार जेडे की हत्या से मैं स्तब्ध हूं। न्याय सख्त, तीव्र और निर्णायक होना चाहिए.”
संगीतकार विशाल ने ट्विट किया, ”क्या हम अपने वरिष्ठ पत्रकारों की सुरक्षा नहीं कर सकते जो कि बहादुरी से अपराधियों की पोल खोलते हैं? बॉम्बे, तेरा क्या होगा? जेडे बहुत अच्छे इंसान थे.”
अभिनेता रणवीर शौरी ने कहा, “लड़ाई जारी है, जेडे की आत्मा को शांति मिले.”
रामगोपाल वर्मा ने लिखा, “अंडरवर्ल्ड जिस तरह से हावी हो रहा है वह एकदम अविश्वसनीय है. जब आप सोचते हैं कि यह खत्म हो गया है तभी वह और ज्यादा बदनुमा चेहरा लेकर आपके सामने आ जाता है.”














