पूर्व भाजपा नेता एवं विचारक केएन गोविंदाचार्य ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन को लेकर टाटा-नीरा राडिया वार्ता टेप को सार्वजनिक किए जाने की मांग करते हुए कहा कि वह इस संबंध में अदालत भी जाएंगे। गुलबर्गा में 23 दिसम्बर से शुरू हो रहे 10 दिवसीय भारत विकास संगम की तैयारी के सिलसिले में आए गोविंदाचार्य ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि टाटा-नीरा राडिया के बीच हुई बातचीत के टेप को सार्वजनिक किया जाना चाहिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि सार्वजनिक सम्पत्ति की किस तरह से बंदरबांट चल रही है।
जनता के सार्वजनिक जानकारी के अधिकार को निजता के अधिकार से ऊपर बताते हुए गोविंदाचार्य ने कहा कि यदि अदालत को लगता है कि टेप में बातचीत के किसी अंश से किसी की निजता के अधिकार का हनन होता है तो उस अंश को निकाला जा सकता है।
2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन के लिए विपक्षी दलों की मांग को उचित बताते हुए गोविंदाचार्य ने कहा कि केन्द्र सरकार जिस तरह से इससे भाग रही है उससे साफ लगता है कि वह किसी को अथवा कुछ लोगों को बचाना चाहती है। साभार : एनडीटीवी खबर











