: शीर्ष दस अखबारों में ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ एकमात्र अंग्रेजी अखबार : आईआरएस की तीसरी तिमाही के आंकड़े जारी कर दिए गए हैं. हर भाषा के अखबारों को मिलाकर बने ओवरऑल टॉप टेन अखबारों में हिन्दी के अखबारों ने परचम लहराया है. हिंदी के अखबारों के क्रम में टॉप लेवल पर कोई परिवर्तन नहीं हुआ है. ‘दैनिक जागरण’ इस बार फिर बाजी मार ले गया है. उसके बाद दैनिक भास्कर, दैनिक हिन्दुस्तान, मलयाला मनोरमा और अमर उजाला हैं. टॉप टेन में ‘दैनिक थाथी’ के प्रकाशन में गिरावट आई है. नंबर वन की पोजिशन पर कायम दैनिक जागरण के पाठकों की संख्या में तीसरी तिमाही में एवरेज इश्यू रीडरशिप के अनुसार मात्र 0.16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो टॉप टेन के अखबारों में सबसे कम है.
इस दौरान इसकी रीडरशिप 1 करोड़ 59 लाख 50 हजार हो चुकी है. दैनिक भास्कर के पाठकों की संख्या में 1.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. इसकी रीडरशिप 1 करोड़ 34 लाख 88 हजार पहुंच गई है. हिन्दी दैनिकों में दैनिक हिन्दुस्तान तीसरे नंबर पर है. आईआरएस की तीसरी तिमाही में इसके पाठकों संख्या में 6.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. टॉप टेन में यह वृद्धिदर सबसे ज्यादा है. दैनिक हिन्दुस्तान के पाठकों की संख्या 1 करोड़ 8 लाख 39 हजार पर पहुंच गई है.
मलयाला मनोरमा चौथे पायदान पर है. आईआरएस की तीसरी तिमाही में 88 हजार नए पाठकों के साथ इसकी संख्या 99 लाख 27 हजार पहुंच गई है. इसके रीडरशिप में 0.87 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. अमर उजाला 1.97 प्रतिशत नए पाठकों के साथ पांचवें स्थान पर है. इसके पाठकों की संख्या तीसरी तिमाही में 85 लाख 83 हजार है. मराठी दैनिक लोकमत ने 5.50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. आईआरएस की दूसरी तिमाही में 4 लाख 7 हजार नए पाठकों के साथ छठे स्थान पर है. इसकी पाठक संख्या 78 लाख 9 हजार हो गई है. टॉप टेन में एकमात्र अंग्रेजी दैनिक ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ है. इसके पाठकों की संख्या में 2.34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. तीसरी तिमाही में इसके पाठकों की संख्या 72 लाख 54 हजार पर पहुंच गई है.
दैनिक थाथी के पाठकों की संख्या में आईआरएस की तीसरी तिमाही में 2.12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. यह नंबर 8 के पायदान पर पहुंच गया है. टॉप टेन में यह एक मात्र प्रकाशन है, जिसके पाठकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है. तीसरी तिमाही में ‘दैनिक थाथी’ के पाठकों की संख्या 72 लाख 45 हजार हो गई है. ‘राजस्थान पत्रिका’ के पाठकों संख्या में 4.59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. तीसरी तिमाही में ‘राजस्थान पत्रिका’ के पाठकों की संख्या 72 लाख 17 हजार पर पहुंच गई है. ‘मातृभूमि’ के पाठकों की संख्या में 1.71 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. 1 लाख 12 हजार नए पाठकों के साथ तीसरी तिमाही में इसकी पाठक संख्या 66 लाख 78 हजार पर पहुंच चुकी है.












amitjo
December 3, 2010 at 3:25 pm
our amar uajala i no 1.