रोहतक के जिला लोक संपर्क अधिकारी राजेंद्र पांचाल के निधन पर रोहतक के पत्रकारों ने शोक जताया है। आज कैनाल विश्राम गृह में हुई बैठक में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। इस बैठक में लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक अरूण जौहर ने भी शिरकत की। बाद में जिला लोकसंपर्क कार्यालय में भी शोक सभा हुई। जिसमें रोहतक के उपायुक्त फूलचंद मीणा ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसी के साथ लोकसंपर्क कार्यालय महम में कार्यरत सहायक प्रमोद को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वे भी पांचाल के साथ ही सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। गौरतलब है कि रोहतक के जिला लोकसंपर्क अधिकारी समेत चार लोगों की दस नवंबर को महम के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

श्री पांचाल लोक संपर्क अधिकारी नियुक्त होने से पहले पत्रकार थे और उन्होंने हरिभूमि, अमर उजाला समेत कई समाचार पत्रों में कार्य किया। वे बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे। रोहतक के पत्रकारों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरियाणा सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
रोहतक से दीपक खोखर की रिपोर्ट.











