सुपर दलाल नीरा राडिया की बातें व कहानी सुनकर प्रफुल्ल पटेल हैरान परेशान हैं. केंद्र में नागरिक उड्डयन मंत्री के पद पर हैं प्रफुल्ल पटेल. नीरा राडिया की बातचीत में अपना नाम आने के बाद पटेल ने हैरानी जाहिर करते हुए कहा है कि नीरा राडिया आखिर कैसे इस मुकाम तक पहुंच गई और उन्हें इतनी ख्याति कैसे मिल गई. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग ही माहौल ‘दूषित’ करते हैं. पटेल के श्रीमुख से निकला- ‘कैसे उसने दिल्ली में इतने लोगों से जान पहचान कर ली. कैसे इतनी ख्याति हासिल कर ली, ये ऐसी चीजें हैं जिन पर लोगों को विचार करना चाहिए.’ टेप में नीरा राडिया द्वारा अपना नाम लिए जाने पर नाराज प्रफुल्ल पटेल ने नीरा को आर्थिक आतंकी की संज्ञा भी दे डाली.
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बारे में बातचीत करके मैं अपना वक्त बर्बाद नहीं करना चहता. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ये ऐसे लोग हैं जो माहौल दूषित करते हैं और अपना हित साधने के लिए अभियान चलाते हैं. हालांकि पटेल ने अपने खिलाफ राडिया के बयान पर उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की योजना से इनकार किया. उल्लेखनीय है कि नीरा राडिया के विवादास्पद टेप में राडिया, राज्यसभा सदस्य और पूर्व नौकरशाह एनके सिंह को बता रही है कि पटेल ने ‘विमानन क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है. मुझे नहीं लगता कि उन्होंने इस क्षेत्र के साथ न्याय किया है.’ राडिया अगर ऐसे विचार प्रफुल्ल पटेल के बारे में रखती है तो प्रफुल्ल पटेल का बिगड़ना लाजिमी है.











