मध्यप्रदेश सरकार पत्रकारों के लिये व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना लागू करने जा रही है, जिसके तहत प्रदेश के सभी पत्रकारों को किसी दुर्घटना के चलते सुरक्षा हासिल हो जाएगी। इस उद्देश्य से लागू की जा रही दुर्घटना बीमा योजना में सरकार प्रीमियम की 75 प्रतिशत राशि देगी, जबकि 25 प्रतिशत राशि संबंधित पत्रकार को देनी होगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के सुरक्षा में अधिकाधिक पत्रकारों को शामिल किया जायेगा। इसके चलते शहरी ही नहीं बल्कि ग्रामीण अंचल तक में काम कर रहे पत्रकारों को बीमा योजना का फायदा मिल सकेगा। इनमें संचार प्रतिनिधि के तौर पर काम कर रहे सभी ऐसे पत्रकार, संवाददाता, फोटोग्राफर और कैमरामेन शामिल होंगे, जो किसी गैर सरकारी समाचार एजेंसी, टेलिविजन चैनल, नेट मीडिया या समाचार पोर्टल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
अलबत्ता इन पत्रकारों का मध्यप्रदेश में निवास करना और उनका कार्यक्षेत्र इसी प्रदेश में होना जरुरी होगा। इसी तरह इनकी उम, 21 से 70 साल के बीच होना जरुरी रखी गई है। सूत्रों के अनुसार योजना पर अमल को लेकर जनसंपर्क विभाग जल्द ही केन्द्र सरकार की सार्वजनिक उपक्रम की बीमा कंपनी से करार करने जा रहा है। इस बीमे की कुल राशि एक लाख रुपये तय की गई है। यह बीमा एक साल के लिए होगा और यह अवधि पूरी होने के पहले अगले साल के लिये इसका नवीनीकरण होगा।
योजना का लाभ लेने के लिये इच्छुक पत्रकारों से निर्धारित प्रारुप में आगामी दस अगस्त तक आवेदन बुलाये गये हैं। पत्रकारों की सुविधा की दृष्टि से ये आवेदन पत्र जिला जनसंपर्क कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकेंगे। साभार : नवभारत टाइम्स











