लीबियाई की राजधानी त्रिपोली में मुअम्मर गद्दाफी के वफादार बंदूकधारियों द्वारा त्रिपोली के एक होटल में बंधक बनाए गए विदेशी पत्रकारों को रिहा कर दिया गया है. लीबिया संघर्ष की कवरेज करने वाले विदेशी पत्रकार तीन दिनों तक गद्दाफी के निवास स्थान के पास स्थित होटल ‘रिक्सोस’ में फंसे रहे. विदेशी पत्रकारों की संख्या तीस थी.
कई देशों के पत्रकार कुछ दिन पहले लीबिया में चल रहे संघर्ष की कवरेज के लिए पहुंचे थे परन्तु गद्दाफी समर्थकों ने इन्हें होटल रिक्सोस में रविवार को बंदी बना लिया. ये पत्रकार होटल के पहले तल पर रुके हुए थे. इन लोगों ने हेलमेट तथा बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी. इन्होंने होटल की दीवारों पर एक बैनर टांग दिया था, जिस पर लिखा था ‘टेलीफोन प्रेस पर गोली मत चलाइए’. ऐसा होटल की दीवारों पर कई गोलियां लगने के बाद किया गया था. बंधक बनाए गए सभी विदेशी पत्रकारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.











