हालिया लांच न्यूज चैनल इंडिया न्यूज से एक साथ करीब 40 लोगों के निकाले जाने की खबर है। इन 40 में न्यूज चैनल के हर डिपार्टमेंट (न्यूज और नान-न्यूज दोनों) के लोग हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कम से कम 10 रिपोर्टर हैं। सूत्रों का कहना है कि इन सभी को एचआर डिपार्टमेंट ने 11 अगस्त को एक-एक कर बुलाया और अगस्त महीने की सेलरी का चेक हाथ में थमा कर इस्तीफा लिखवा लिया। इस पूरी परिघटना से हिंदी मीडिया जगत सकते में है। एक अपुष्ट खबर यह भी है कि आज 12 अगस्त को करीब 60 और लोगों को निकाला जाएगा। इस पूरे मामले पर चैनल के अफसरों ने चुप्पी साध रखी है। सीईओ और एडीटर इन चीफ हरीश गुप्ता को भड़ास4मीडिया की तरफ से फोन किया गया। हरीश गुप्ता ने खुद के एक कांफ्रेंस में होने और दस मिनट बाद फोन करने की बात कही।
दस मिनट बाद फोन करने पर फोन रिसीव नहीं किया। बाद में उनके मोबाइल पर एक मैसेज छोड़ा गया जिसमें उनसे इस परिघटना पर अपना पक्ष रखने की अपेक्षा की गई है। पर हरीश गुप्ता का अब तक कोई जवाब नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि इंडिया न्यूज की लांचिंग इनफारमेशन टीवी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के बैनर तले की गई है जिसके चेयरमैन विनोद शर्मा और मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिकेय शर्मा हैं। इस कंपनी के सीईओ और एडीटर इन चीफ हरीश गुप्ता हैं। कंपनी के न्यूज चैनल इंडिया न्यूज में लांचिंग से लेकर अब तक ढेर सारे उथल-पुथल होते रहे हैं। कई लोगों को शुरू में बाहर किया गया, बाद में उनमें से कइयों को वापस बुला लिया गया। चैनल लांच करने वाले कई दिग्गज अब छोड़कर बाहर जा चुके हैं या निकाले जा चुके हैं। कई दूसरे चैनलों के दिग्गज इस चैनल में आकर नई भर्तियां शुरू कर चुके हैं। इस कवायद में कई लोगों की बलि चढ़नी तय मानी जा रही थी।
भड़ास4मीडिया ने इशारा भी कर दिया था कि इंडिया न्यूज में छंटनी की लिस्ट तैयार हो चुकी है। हाल के दिनों में चैनल से भारी संख्या में लोगों के निकाले जाने का यह दूसरा मामला है। इसके पहले मुंबई में बैग के इंटरटेनमेंट न्यूज चैनल ई- 24 से एक साथ दर्जनों लोग निकाले गए थे। बाद में इस मामले पर बैग नेटवर्क के सीओओ ने जो प्रतिक्रिया दी उसमें उन्होंने लोगों के निकाले जाने की बात तो मानी पर उन्हें पत्रकार की बजाय प्रोड्यूसर व कंटेंट डेवलपर बताया। इंडिया न्यूज में लोगों के निकाले जाने के मामले में अभी तक चैनल का कोई अधिकारी सामने नहीं आया है।











