दैनिक भास्कर, इंदौर के स्थानीय संपादक राजेंद्र तिवारी को भास्कर समूह ने नया काम सौंपा है। उन्हें एडिटर (नेशनल कंटेंट) बनाकर दिल्ली में भेजा गया है। वे भास्कर ग्रुप की सभी चार वेबसाइटों का काम देखने के अलावा डिजिटल व प्रिंट के बीच इंटीग्रेशन का दायित्व भी निभाएंगे। दैनिक भास्कर, इंदौर के स्थानीय संपादक का दायित्व अब अवनीश जैन निभा रहे हैं। वे इंदौर में ही भास्कर समूह के टैबलायड डीबी स्टार के संपादक थे। इंदौर में डीबी स्टार का काम डिप्टी न्यूज एडिटर विजय सिंह चौहान देख रहे हैं।
वे डीबी स्टार में ही अवनीश जैन के अधीन कार्य करते थे। उधर भोपाल में अविनाश दास के डीबी स्टार के एडिटर पद से इस्तीफा देने के बाद डीबी स्टार का काम डिप्टी न्यूज एडिटर महेश लोरिया देख रहे हैं। राजेंद्र तिवारी इंदौर में ढाई साल रहे। उससे पहले हरियाणा में भास्कर की पानीपत व हिसार यूनिटों के संपादक थे। भास्कर में ही दो साल एक्जीक्यूटिव एडिटर (कारपोरेट) पद पर कार्यरत रहे। मूलतः लखनऊ के रहने वाले राजेंद्र तिवारी ने पत्रकारिता में करियर वर्ष 1992-93 में राष्ट्रीय सहारा, लखनऊ से बतौर प्रशिक्षु शुरू किया था। दैनिक हिंदुस्तान, दैनिक जागरण, आइडियल एक्सप्रेस, अमर उजाला में विभिन्न पदों पर काम करने के बाद भास्कर समूह से जुड़े। अमर उजाला में वे फीचर एडिटर थे। उससे पहले अमर उजाला के हिंदी बिजनेस अखबार कारोबार में शुरू से अंत तक रहे। अमर उजाला में ही उन्होंने पांच वर्ष तक जम्मू-कश्मीर के एडिटर के रूप में पारी खेली।











