संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) कॉरपोरेट लॉबीइस्ट नीरा राडिया और कुछ वरिष्ठ पत्रकारों को अपने समक्ष पेश होने के लिए समन कर सकती है. इन पत्रकारों ने यूपीए दो में मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे और 2जी स्पेक्ट्रम आबंटन को लेकर राडिया से फोन पर बात की थी. हालांकि अभी इन्हें बुलाए जाने की तारीख तय नहीं की गई है.
सूत्रों ने बताया कि पीएसी की अगली बैठक में राडिया और कम से कम दो पत्रकारों को बुलाए जाने की संभावना है. बहरहाल अभी अगली बैठक की तिथि तय नहीं की गई है. पीएसी ने बुलाए जाने वाले लोगों को अभी सूचित भी नहीं किया है. बुलाए जाने वाले लोगों की सूची की तैयारी की जा रही है.
राडिया के फोन टेपिंग के बाद खुलासा हुआ था कि राडिया कई पत्रकारों को बता रही है कि डीएमके के ए राजा को क्यों टेलीकॉम मंत्रलाय दिया जाना चाहिए. पत्रकारों से कुछ जानकारी भी प्राप्त करती है. वह पत्रकारों से यह भी कह रही है कि उन्हें इस मसले को सीनियर कांग्रेस नेताओं के साथ उठाना चाहिए. इस खुलासे के बाद काफी हंगामा मचा था.











