ग्रामीण क्षेत्रों में जन अधिकारों की पैरवी व पत्रकारिता कर रहे पत्रकार लखन सालवी के लिखे गए लेख का चयन ”ग्राम गदर” ग्रामीण पत्रकारिता पुरस्कार के लिए किया गया है। कट्स इन्टरनेशनल द्वारा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रविष्टियां मांगी गई थी। वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र बोड़ा की अगुवाई में निर्णायक मंडल द्वारा इनके लेख का चयन किया गया है।
लखन सालवी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कोशीथल गांव के मूल निवासी हैं तथा पिछले डेढ़ वर्ष से राजस्थान के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में जनहित के मामलों को असरदार तरीके से उठा रहे हैं। वह जयपुर की विविधा फीचर्स से जुड़ कर कार्य कर रहे है। इसके साथ ही सालवी जयपुर, बूंदी, बारां, राजसमंद, उदयपुर, भीलवाड़ा के छोटे बड़े अखबारों व डायमंड इंडिया, तथ्य भारती जैसी कई पत्रिकाओं के लिए सीधे जनहित से जुड़े मुद्दों पर लिखते है।
”ग्राम गदर” ग्रामीण पत्रकारिता पुरस्कार के अंतर्गत सालवी को जयपुर में 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। यह पुरस्कार कट्स इंटरनेशल (जयपुर) द्वारा ग्रामीण पत्रकारिता को बढ़ावा देने की दृष्टि से वर्ष 2002 से आरंभ किया गया था तथा प्रतिवर्ष 13 अप्रैल के दिन घोषित किया जाता है। ये पुरस्कार उन पत्रकारों को दिया जाता है जो ग्रामीण क्षेत्रों के जनहित के मामलों को असरदार तरीके से उठाते हैं।











