टेलीविजन के दुनिया की मशहूर हस्ती एकता कपूर मंगलवार को दैनिक भास्कर के इंटरनेट संस्करण भास्कर डॉटकॉम की गेस्ट एडिटर थीं। इस मौके उन्होंने टेलीकांफ्रेंसिंग के जरिए दैनिक भास्कर के विभिन्न संस्करणों में पत्रकारों व पाठकों के सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘रागिनी एमएमएस’ के बारे में भी चर्चा की।
एकता ने आईपीएल पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें क्रिकेट बिल्कुल पसंद नहीं है, क्योंकि जब भी सचिन शतक जमाते हैं तो सचिन का शतक उनके सीरियलों की टीआरपी पर भारी पड़ता है। सास-बहू, पारिवारिक मर्यादाएं व संस्कृति-परंपरा पर आधारित सीरियल बनाने वालीं एकता अचानक इतनी बोल्ड कैसे हो गईं कि खुल्लमखुल्ला सेक्स संबंधी फिल्में बनाने लगीं? यह पूछने पर एकता ने कहा कि समय बदल रहा है। ऐसे लोगों की संख्या बहुत अधिक है, जो ऐसी फिल्में देखना चाहते हैं। यह भी मानवीय जिंदगी का एक पहलू है, बस इसे गलत तरीके से देखा जाता है।
जब उनसे शादी को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि शादी मेरे लिए अमंगल साबित हो सकती है, इसलिए फिलहाल ऐसा कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे खुद को अभी बच्चा मानती हैं और शादी के लिए खुद को परिपक्व नहीं मानती हैं। इसलिए अब से पांच साल बाद यानी 39 साल की उम्र में शादी करेंगी। एकता ने अपनी फिल्म ‘रागिनी एमएमएस’ को रिलीज करने के लिए भी खास समय तय किया है, यह 12 मई को रात 12 बजे यानी 13 मई शुक्रवार को रिलीज होगी।
जब उनसे इस फिल्म के गीत रात अकेली है के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि ‘मैंने इस गीत को री-मिक्स नहीं किया है। मैं मानती हूं कि जब भी किसी गीत को री-मिक्स किया जाता है तो नए-पुराने की तुलना होने लगती है और उसकी तारीफ कम आलोचना ज्यादा होती है, इसलिए इस गीत के मूल वर्जन का ही इस्तेमाल किया।’ साभार : भास्कर











