वेलकम इलाके में शुक्रवार को ईटीवी उर्दू के पत्रकार अकरम लतीफ की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ अब तक पुलिस ने छह बदमाशो को गिरफ्तार कर लिया है। एक बदमाश अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार दो बदमाश अमरोहा से बस में अकरम के साथ दिल्ली आए थे। इसी दौरान उन्होंने लूटपाट की योजना बनाई।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार जैन ने बताया कि पत्रकार अकरम की गोली मारकर हत्या मामले की जांच में पुलिस ने उसके साथ बस में आए लोगों की सूची तैयार की, जिसमें पता चला कि उसके साथ बस में आसिफ उर्फ मुल्ला नामक बदमाश भी आया था, जिसका पुराना आपराधिक रिकार्ड है। पुलिस ने शक के आधार पर 9 अगस्त को आसिफ और उसके साथी अफरोज के साथ अमरोहा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल करते हुए पांच अन्य लोगों के शामिल होने की बात पुलिस को बताई।
पुलिस के अनुसार आसिफ व जुबैर बस में अकरम के साथ ही सवार थे। अकरम के पिता का अमरोहा में मसाले का कारोबार है, इसी कारोबार के सिलसिले में जुबैर ने अकरम को फोन पर लाखों रुपये के लेन-देन की बात होते सुन लिया था। जुबैर को लगा कि अकरम के पास स्थित बैग में काफी नगदी है। यह बात जब उसने आसिफ को बताई तो आसिफ ने वेलकम स्थित अपने साथी आरिफ लंबू को फोन कर कुछ साथियों के साथ जाफराबाद बस अड्डे पर बुलाया। अकरम के जाफराबाद बस स्टैंड पर उतरने के बाद शाहिद उर्फ पहाड़ी, आरिफ लंबू, शहजाद अली उर्फ दानिश उर्फ दामू, अब्दुल वाहब उर्फ राजू, अफरोज, आसिफ, जुबैर ने अकरम को घेरकर उसके हाथ से बैग छीनकर गोली मार दी। जाते-जाते बदमाश अकरम के हाथ से अंगूठी, मोबाइल, क्रेडिट कार्ड भी ले गए थे।
पुलिस ने बताया कि आसिफ की निशानदेही पर पुलिस ने शाहिद, दानिश को कबीर नगर कब्रिस्तान व अब्दुल व जुबैर को अमरोहा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक तमंचा, लूटा गया मोबाइल फोन, सोने की एक अंगूठी, व कैमरा बरामद कर लिया है। शाहिद पर आर्म्स एक्ट, चोरी समेत चार मामले दर्ज है। आसिफ इसी साल 30 मार्च को जेल से रिहा होकर आया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज है। दानिश पर भी हत्या का प्रयास व लूटपाट के दो मामले दर्ज हैं। वह भी जमानत पर रिहा चल रहा है। अफरोज पर हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस सातवें आरोपी आरिफ लंबू की तलाश में जगह-जगह छापामारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि इसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











