: दोनों मामलों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोग शामिल : उत्तर प्रदेश में पत्रकारों पर हमले बढ़ते जा रहे हैं. सत्ताधारी दल बसपा से जुड़े लोग पत्रकारों से मारपीट करने से तनिक भी नहीं हिचक रहे हैं. प्रदेश के दो जिलों में पत्रकारों के साथ मारपीट की गई. पहला मामला बदायूं का है. क्षेत्रीय विधायक का एक करीबी गुर्गा बिना वजह एक पत्रकार से हाथापाई की. दूसरा मामला ज्योतिबाफूले नगर यानी अमरोहा की है. यहां भी एक पत्रकार की खबर से नाराज पूर्व विधायक के बेटे ने मारपीट की. पत्रकार का कैमरा तोड़ दिया.
दोनों मामला पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने अभी तक चुप्पी साध रखी है. बताया जाता है कि अमर प्रभात अखबार के संपादक वेदभानु आर्य अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे. बाइक पर उनका एक साथी भी बैठा हुआ था. जाम के चलते उन्होंने अपनी बाइक बदायूं शहर के रेलवे क्रासिंग के पास रोक दी. बाइक के पीछे एक इंडिका कार आकर रूकी. इंडिका को विधायक का एक करीबी चला रहा था. उसने शराब पी रखी थी.
बाइक का अपनी कार के सामने रुकना उसे नागवार लगा. गुर्गे ने वेदभानु को गाली देते हुए बाइक हटाने को कहा. जब वेदभानु ने गाली देने का विरोध किया तो वह गाड़ी से बाहर आकर उनसे भिड़ गया. दोनों के बीच काफी देर तक हाथापाई हुई. घटना रेलवे क्रासिंग के पास स्थित पुलिस चौकी के पास हुई. जिसके चलते मौके पर पुलिसकर्मी पहुंच गए. दोनों लोगों को चौकी में बुला लिया गया. मारपीट की जानकारी मिलने पर बदायूं के कई पत्रकार भी चौकी पर पहुंच गए. पुलिस ने दबाव बढ़ता देख विधायक के गुर्गे को थाने पर भेज दिया.
सभी पत्रकार एकजुट होकर एसएसपी डीके चौधरी से मिले. उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी. एसएसपी ने सिविल लाइंस थाने के एसओ को शराबी गुर्गे का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई करने का आदेश दिया. देर शाम तक मारपीट करने वाले गुर्गे के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी.
दूसरी तरफ अमरोहा की घटना से भी पत्रकारों में नाराजगी है. बताया जा रहा है कि बसपा नेता एवं पूर्व विधायक हाजी हयात के बेटे और उसके साथियों ने एनएनआई के रिपोर्टर व स्थानीय न्यूज चैनल संचालक माजिद के साथ मारपीट की. उनका कैमरा तोड़ दिया. पूर्व विधायक अमरोहा में सेटिंग-गेटिंग के बल करोड़ों रुपये कीमत की तालाब को गैर-कानूनी ढंग से पटवा रहे हैं. प्रशासन के साथ ही मीडिया का एक बड़ा तबका भी मैनेज हो चुका है. परन्तु माजिद ने पूर्व विधायक की इस करतूत को अपने चैनल पर दिखाया. अपने एजेंसी के माध्यम से इस खबर को एसएमएस के जरिए भी फ्लैश किया.
इसी फजीहत के चलते पूर्व विधायक बौखला गए थे. माजिद और उनके साथी फाहद वीडियो कैमरा लेकर तालाब पटान का विजुअल बनाने पहुंचे. वहां पूर्व विधायक का बेटा गुलरेज अपने साथियों के साथ मौजूद था. इन लोगों को देखते ही वह नाराज हो गया. उसने विजुअल बना रहे माजिद के साथ मारपीट की. उनका कैमरा भी छीनकर तोड़ डाला. माजिद किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे. इस मामले में माजिद ने विधायक के बेटे और उसके तीन साथियों के खिलाफ अमरोहा कोतवाली में आईपीसी की धारा 147, 323, 427 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है. इस मामले में विधायक जी के नजदीकी पत्रकार चुप्पी साधे हुए हैं. जबकि बाकी मीडिया के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दबाव बना रहे हैं.












shishu sharma
September 11, 2010 at 3:51 pm
in chottae nagron mein koi kanoon ka raj nahi hae.ham yah tay karein ki enko kasae rokaein.