मौर्य टीवी के डायरेक्टर मुकेश कुमार के चैनल से हटने को लेकर कई तरह की चर्चाएं महीने भर से फैली हुई हैं. कुछ लोगों का कहना है कि नवेंदु को चैनल का कार्यभार सौंप दिया गया है. जबकि कुछ का कहना है कि मौर्य टीवी प्रबंधन की कुछ नीतियों से खफा मुकेश खुद इस्तीफा भेज चुके हैं. इस पूरे मामले पर जब भड़ास4मीडिया ने मुकेश कुमार से संपर्क किया तो उनका कहना था कि वे अब भी मौर्य के साथ हैं और आफिस में बैठकर काम कर रहे हैं. रही अनबन की बात तो हर किसी परिवार से बर्तन खड़खड़ाने की आवाज आती है लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं है कि परिवार में अलगाव हो गया.
मुकेश कुमार ने चर्चाओं व अफवाहों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि कुछ मामलों पर बहस, चर्चा, विचार का क्रम चलता रहता है, इसमें मतभेद जैसी स्थितियां आती हैं, और यह होना बेहद स्वाभाविक है क्योंकि जहां बहस नहीं है, मतभेद नहीं है, वहां लोकतंत्र संभव नहीं है. लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है कि उन्होंने छोड़ दिया या उनको हटा दिया गया. उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें हटना होगा, सबसे पहले खुद ही वे इसकी घोषणा कर देंगे. मुकेश कुमार ने कहा कि संभव है, मौर्य टीवी की सफलता से कुछ लोगों को दिक्कत हो रही हो और वे नकारात्मक बातें फैला रहे हैं, लेकिन इससे दुखी आत्माओं को कोई फायदा नहीं हो सकेगा. उन्होंने कहा कि मौर्य की पूरी टीम बिहार चुनाव में लगी हुई है इसलिए इस तरह की चर्चाओं पर ध्यान देने का वक्त भी नहीं है हम लोगों के पास.











