मैत्रेयी को ‘सुधा साहित्य सम्मान’ : हंसाक्षर ट्रस्ट और गालिब इंस्टीच्यूट, दिल्ली की ओर से प्रेमचंद जयंती पर 31 जुलाई को सायं पांच बजे इस बार का वार्षिक आयोजन ‘ऐवान-ए-गालिब’ में होने जा रहा है। हंस के संपादक राजेंद्र यादव ने भड़ास4मीडिया को बताया कि इस अवसर पर गोष्ठी का विषय है ‘युवा रचनाशीलता और नैतिक मूल्य’। कार्यक्रम दो सत्रों में होगा। इस अवसर पर प्रख्यात लेखिका मैत्रेयी पुष्पा को ‘सुधा साहित्य-सम्मान 2008’ से सम्मानित किया जाएगा। गोष्ठी में मुख्य रूप से नामवर सिंह, अरुंधती राय, मुशीरुल हसन, अशोक वाजपेयी, वीरेंद्र यादव, अल्पना मिश्र, अजय नावरिया आदि शिरकत करेंगे।
यूएनआई वर्कर्स यूनियन का चुनाव : यूएनआई वर्कर्स यूनियन, दिल्ली का चुनाव चार अगस्त को होगा। यह चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनरल सेक्रेट्री, दो सेक्रेट्री एवं कोषाध्यक्ष पदों के लिए हो रहा है। इसके साथ ही 12 एक्जीक्यूटिव मेंबर भी चुने जाएंगे। सभी निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल एक साल का होगा। मतदान में 324 लोग शामिल होंगे। पिछले साल 17 जुलाई को चुनाव लगभग चार साल बाद हुआ था। जी न्यूज के मालिक सुभाष चंद्रा द्वारा यूएनआई को अधिग्रहीत किये जाने को लेकर यूएनआई में आंदोलन की वजह से इस अवधि में चुनाव नहीं हो पाया था। वर्तमान में यूएनआई वर्कर्स यूनियन, दिल्ली में अध्यक्ष पद पर बीबी तिवारी, उपाध्यक्ष जयश्री एस. राजा, जनरल सेक्रेट्री राजेश कुमार, सेक्रेट्री ए.के बनर्जी और निलिभा तथा कोषाध्यक्ष पद पर बी.एस. नेगी हैं। जनरल सेक्रट्री राजेश कुमार ने भड़ास4मीडिया को बताया कि चुनाव परिणाम चार अगस्त की रात में ही आ जाएंगे।