भास्कर समूह ने बिहार और झारखंड में दैनिक भास्कर की लांचिंग के लिए गतिविधियां बढ़ा दी हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूरे प्रोजेक्ट का हेड जगदीश शर्मा को बनाया गया है। जगदीश शर्मा भास्कर समूह में मैनेजिंग एडिटर हैं। वे इन दिनों गुजरात में दिव्य भास्कर के सर्वेसर्वा के रूप में काम देख रहे हैं। उनके नेतृत्व में भास्कर समूह ने पहले भी कई प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक लांच किए। भास्कर ने उनके नेतृत्व में हरियाणा और पंजाब के आपरेशन शुरू किए थे।
उससे पहले भी कई जगहों पर अखबार लांचिंग के प्रोजेक्ट का जगदीश नेतृत्व कर चुके हैं। भास्कर प्रबंधन ने एकाउंट-फाइनेंस सेक्शन के विश्वसनीय लोगों को पटना रवाना कर दिया है। सूत्रों के अनुसार एकाउंट मैनेजर कमल शर्मा को बिहार जाने के लिए कह दिया गया है। इस कवायद को देखते हुए माना जा रहा है कि होली के आसपास पटना से दैनिक भास्कर का प्रकाशन शुरू हो सकता है।
इस सूचना में दिए गए तथ्यों को आप अपडेट करना चाहते हैं या करेक्ट कराना चाहते हैं या कोई नई जानकारी देना चाहते हैं तो हमें लिख भेजिए, [email protected] के जरिए.