वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह ने हरिभूमि अखबार को अलविदा कह दिया है। उन्होंने नई पारी रेल मंत्रालय के साथ शुरू की है। वे मंत्रालय की मैग्जीन ‘भारतीय रेल’ के संपादक बन गए हैं। वैसे तो अरविंद की नियुक्ति रेल मंत्रालय के परामर्शदाता के रूप में हुई है लेकिन उन्हें दायित्व ‘भारतीय रेल’ के संपादक का दिया गया है। रेल भवन स्थित कमरा नंबर 309 में अरविंद ने अपना नया काम संभाल लिया है। अरविंद कुमार सिंह इससे पहले हरिभूमि, दिल्ली के स्थानीय संपादक के रूप में काम देख रहे थे।
जनसत्ता से करियर शुरू करने वाले अरविंद ने चौथी दुनिया और अमर उजाला के साथ लंबी पारी खेली। उन्होंने कई किताबें लिखीं और कई पुरस्कार-सम्मानों से नवाजे गए। उनकी लिखी किताबों के कुछ अध्याय पाठ्यक्रमों में भी शामिल किए जा चुके हैं।
अवनीश का तबादला, शरद नए सिटी चीफ
दैनिक भास्कर, जोधपुर के लाजिस्टिक इंचार्ज अवनीश मिश्रा के बारे में सूचना है कि उनका तबादला जयपुर के लिए कर दिया गया है। बताया जाता है कि उनका विभाग भी बदला गया है। अब वे एड-सेल्स का काम देखेंगे। सूत्रों का कहना है कि अवनीश दैनिक भास्कर, राजस्थान के सीओओ मनोज अग्रवाल के चहेते हैं।
खबर है कि आगरा से प्रकाशित होने वाले अखबार ‘अकिंचन भारत’ का नया सिटी चीफ शरद चौहान को बनाया गया है। शरद इससे पहले दैनिक हिंदुस्तान, आगरा में थे। उन्हें हिंदुस्तान ने मैनपुरी का प्रभारी बना कर भेजा था। पर मैनपुरी में उनका मन न लगा और आगरा लौटने के लिए अकिंचन भारत का दामन थामा। पुराने सिटी चीफ गजेंद्र यादव फिलहाल छुट्टी पर चल रहे हैं और उनके भविष्य को लेकर अब कयास लगाए जाने लगे हैं।