लोकमत में एक्जीक्यूटिव एडिटर के रूप में ज्वाइन करेंगे : वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्त ने हिंदुस्तान अखबार से अपना 13 वर्षों का नाता समाप्त करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रबंधन के पास भेज दिया है। वे स्पेशल करेस्पांडेंट के रूप में हिंदुस्तान में कार्यरत थे। जयशंकर नई पारी की शुरुआत एक्जीक्यूटिव एडिटर के रूप में लोकमत समूह के साथ कर रहे हैं। वे लोकमत के नागपुर स्थित मुख्यालय में बैठेंगे। जयशंकर देश के कई जाने-माने अखबारों व पत्रिकाओं में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। वे हिंदुस्तान से पहले पांच वर्ष तक इंडिया टुडे में प्रिंसिपल करेस्पांडेंट पद पर रहे।
दो वर्ष तक नवभारत टाइम्स में रहे। एसपी सिंह और उदयन शर्मा के साथ दस वर्षों तक रविवार की टीम के हिस्से रहे। रविवार में जयशंकर पहले कोलकाता में डेस्क पर थे। बाद में वे पटना में बिहार के रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रहे। जयशंकर देश के श्रेष्ठ पोलिटिकल जर्नलिस्ट और पोलिटिकल एनालिस्ट के रूप में जाने जाते हैं। सूत्रों का कहना है कि मृणाल पांडेय के कार्यकाल में जयशंकर की काफी उपेक्षा की गई। उनकी वरिष्ठता और अनुभव को नजरंदाज कर दूसरे लोगों को ब्यूरो चीफ बनाया जाता रहा। सूत्रों के मुताबिक इस उपेक्षा से जयशंकर आहत थे और हिंदुस्तान से इस्तीफा देने के बारे में सोचने लगे थे। हालांकि भड़ास4मीडिया ने जब उनसे हिंदुस्तान से इस्तीफा देने के कारणों के बारे में जानकारी चाही तो उन्होंने बेहतर आफर मिलने को वजह बताया।











