: अपने लिए खुद आचार संहिता बनाएं पत्रकार – भूपेन्द्र सिह हुड्डा : गुड़गांव। मानसेर में हुए एनयूजे नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के वार्षिक अधिवेशन में प्रज्ञानंद चौधरी को अध्यक्ष चुना गया। वे पश्चिम बंगाल से हैं। दिल्ली के रासबिहारी राष्ट्रीय महामंत्री चुने गये। इसके अलावा 33 अन्य पत्रकार कार्यसमिति के लिए चुने गए, जिनमें उत्तर प्रदेश से सर्वेश कुमार सिंह, पीटीआई यूपी के प्रमोद गोस्वामी और यूपी के ही राजेंद्र पांडेय चुने गए हैं।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों को नसीहत देते हुए कहा कि पत्रकार स्वयं अपने के लिए आचार संहिता बनाएं। कोई भी समाचार देने से पहले पत्रकारों को सोचना चाहिए कि इसका देश और समाज पर क्या असर होगा। श्री हुड्डा ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र के चारों स्तंभों में बहुत मजबूत स्तंभ है। देश और समाज को दिशा देने में इसकी
महत्वपूर्ण भूमिका है। आजादी की लड़ाई के दिनों में पत्रकारों ने देश में जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी।
मुख्यमंत्री ने खेद व्यक्त किया कि अखबार निकालना अब मिशन नहीं बल्कि व्यवसाय बन गया है। व्यवसाय में हमेशा प्रतिस्पर्धा की भावना रहती है। खुद को सबसे आगे और सबसे तेज दिखाने की होड़ में कई बार खबरों को सही रूप से प्रस्तुत नहीं किया जाता। श्री हुड्डा ने कहा कि सरकार की कमियों और समाज की बुराइयों को सामने लाना भी प्रेस का काम है। उन्होंने इस बात पर भी अफसोस जताया कि खबर छापने के लिए पैसा या विज्ञापन की अपेक्षा की जाती है। खबरनुमा विज्ञापन छापे जाते हैं, जिससे पाठक गुमराह होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में पत्रकारिता तो हो सकती है, लेकिन पत्रकारिता में राजनीति नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री ने नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स को दस लाख रूपए देने की घोषणा की।
इस मौके पर बनारस से प्रदेश अध्यक्ष राधारमण चित्रांशी, जिलाध्यक्ष विनोद बागी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और जिला कोषाध्यक्ष रामदयाल हिस्सा ले रहे हैं। इनमें चित्रांशी, बागी और प्रदीप नेशनल कौंसिल के सदस्य हैं और रामदयाल नेशनल डेलिगेट हैं।











