: प्रेस की आजादी पर अपना नियंत्रण बनाना चाहती है सरकार : नई दिल्ली : न्यूज चैनलों के लाइसेंस नवीनीकरण पर हुए हाल के सरकारी फैसले से असहमति जताते हुए भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है इसका हर मोर्चे पर विरोध किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने फैसले को राजनीति से प्रेरित करार देते हुए आगाह किया कि सरकार प्रेस की आजादी पर प्रहार न करे।
हाल में कैबिनेट ने सूचना प्रसारण मंत्रालय को अधिकार दिया है कि कोई न्यूज चैनल पांच से अधिक बार ब्राडकास्ट कानून का उल्लंघन करता है तो उसका लाइसेंस रद किया जा सकता है। जेटली ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यह फैसला असंवैधानिक है। लाइसेंस तभी रद होना चाहिए जब राष्ट्र की सार्वभौमिकता या किसी दूसरे देश से संबंध जैसे सवाल खड़े हो जाएं। जिस तरह फैसला किया गया है उससे सरकार को खुली छूट मिल गई है कि वह पहले किसी को दोषी करार दे और फिर उससे लाइसेंस छीन ले। यह प्रेस की स्वतंत्रता पर आघात है। जेटली ने आरोप लगाया कि सरकार प्रेस की स्वतंत्रता से घबराई हुई है और इस तरह के फैसले के जरिए उस पर अपना नियंत्रण बनाना चाह रही है। साभार : जागरण











