प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में आरोपी बनाई गईं द्रमुक सांसद कनिमोझी की नई तारीख पर पेश होने की गुजारिश मान ली है. साथ ही कलैंगनार टीवी के एमडी शरद कुमार को भी ईडी ने पूछताछ के लिए वक्त दे दिया है. कनिमोझी और शरद कुमार ने ईडी के अधिकारियों से मुलाकात कर चेन्नई में 12 मई को आयकर विभाग के सामने पेश होने का हवाला दिया था, जिसके बाद ईडी ने यह छूट दी.
ईडी इन दोनों से पूछताछ के लिए हवाला से लेकर बैंकिंग लेन-देन और कंपनी बोर्ड की जानकारियों से जुड़े सवालों की लंबी फेहरिस्त तैयार कर चुका है. डीएमके सुप्रीमो करुणानिधि की पुत्री कनिमोझी को सीबीआई की विशेष अदालत ने 14 मई तक खुद पेश होने से छूट दे रही है. सूत्रों ने बताया कि उन्हें पेश होने के लिए ईडी 14 मई के बाद का कोई तारीख तय कर सकता है. 14 मई को ही उच्चतम न्यायालय में कनिमोझी की जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी है.
गौरतलब है कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में लगभग 200 करोड़ रुपये कनिमोझी के बीस प्रतिशत स्वामित्व वाले कलैंगनार चैनल को ट्रासंफर किए जाने के मामले में सीबीआई ने जांच के बाद आरोप तय किए हैं. इसी मामले में ईडी उनके मनी लांड्रिंग निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत पूछताछ करने वाला है. इसी पूछताछ पर हाजिर होने के लिए कनिमोझी और शरद कुमार ने ईडी से मोहलत मांगी थी.











