राष्ट्रीय सहारा, देहरादून के समाचार संपादक सुनील शाह ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक वे अमर उजाला में वापस लौट रहे हैं। बताया जा रहा है कि अमर उजाला प्रबंधन शशि शेखर के जाने के बाद से अपने पुराने लोगों से लगातार संपर्क में है और अब एक-एक कर उनकी घर वापसी कराई जा रही है। सुनील शाह अमर उजाला, बरेली में लंबे समय तक कार्यरत रहे हैं। वे निदेशक राजुल माहेश्वरी के करीबी लोगों में माने जाते हैं।
शशि शेखर के समय में जिन वरिष्ठ लोगों ने अमर उजाला से इस्तीफा दिया, उसमें सुनील शाह भी थे। तब वे अमर उजाला छोड़कर हिंदुस्तान चले गए थे। हिंदुस्तान, देहरादून में सीनियर न्यूज एडिटर के रूप में सुनील शाह की पारी लंबी नहीं चल पाई। छंटनी के दौर में उन पर भी गाज गिरी थी। उसके बाद वे देहरादून में ही राष्ट्रीय सहारा के हिस्से बन गए। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि सुनील शाह अमर उजाला की किस यूनिट में ज्वाइन करेंगे लेकिन चर्चा है कि वे बरेली यूनिट में ज्वाइन कर सकते हैं।
अमर उजाला, बरेली के संपादक के रूप में इन दिनों केके उपाध्याय कार्य कर रहे हैं। सुनील शाह के अमर उजाला लौटने से केके उपाध्याय के बारे में कयास का दौर शुरू हो गया है। शशि शेखर की अमर उजाला वाली कोर टीम के सदस्य होने के कारण केके उपाध्याय के बारे में कुछ लोग कहने लगे हैं कि वे हिंदुस्तान जा सकते हैं। केके आजकल छुट्टी पर चल रहे हैं, इसलिए उनको लेकर लगाई जा रही अटकलों को बल मिल रहा है। भड़ास4मीडिया ने जब केके उपाध्याय से संपर्क साधा तो उन्होंने अमर उजाला छोड़ने की चर्चाओं को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि वे कही नहीं जा रहे हैं। छुट्टी पर होने के बारे में उनका कहना था कि वे गुवाहाटी में अपने ससुराल में आए हुए हैं और जल्द ही बरेली पहुंच रहे हैं।
उधर, सुनील शाह के इस्तीफे की वजह से राष्ट्रीय सहारा, देहरादून को एक और बड़ा झटका लगा है। हाल के दिनों में इस यूनिट से वरिष्ठ लोग सिर्फ जा ही रहे हैं, आ कोई नहीं रहा है। सुनील शाह मेहनती और निष्ठावान लोगों में शुमार किए जाते हैं।