टेप कांड का कहर जारी है. डैमेज कंट्रोल में लगे हैं माननीय और माननीया लोग. रामनाथ गोयनका का धारधार एक्सप्रेस समूह धीरे धीरे धार खोता नजर आ रहा है. इंडियन एक्सप्रेस जिस तरह से रतन टाटा के बचाव में उतरा है, उससे शक होने लगा है कि इस समूह की मंशा कहीं 2जी स्कैम के लपेटे में आ रहे उद्यमियों को बचाने की तो नहीं है. शेखर गुप्ता ने रतन टाटा से विस्तृत बातचीत की. इस बातचीत को एनडीटीवी ने तो जमकर दिखाया. इस बातचीत में रतन टाटा ने टेपों के लीक होने को गलत बताया है, टेप सुने जाने को निजता का हनन कहा है, टेपों के आधार पर दूसरों को सवालों के घेरे में लेने को खराब कहा है.
बरखा दत्त को बचाने में जुटे एनडीटीवी समूह के लिए रतन टाटा का इंटरव्यू अंधे के हाथ बटेर लगने जैसा रहा. जमकर इस इंटरव्यू को चलाया गया. रतन टाटा के सुप्रीम कोर्ट जाने, टेप लीक की जांच कराने जैसी मांगों को प्रमुखता से प्रसारित प्रकाशित किया गया. इंडियन एक्सप्रेस और एनडीटीवी ने रतन टाटा से जुड़ी खबरों को खूब फुलाया. रतन टाटा के बचाव में ये दोनों ग्रुप बिछ-से गए. यकीन न हो तो नीचे दिए गए स्क्रीनशाट को देखिए. दुखी रतन टाटा सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, वाली खबर को इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर सुबह तीन बीस पर ही प्रकाशित कर दिया गया जबकि सुप्रीम कोर्ट के खुलने का समय साढ़े दस बजे का है. जाहिर है, इंडियन एक्सप्रेस की हड़बड़ी में रतन टाटा के बचाव की तत्परता छुपी हुई है. तभी तो घटना घटित होने के पहले ही उसे घटा बता दिया गया और प्रकाशित भी कर दिया गया.

उधर, एनडीटीवी कैंप से खबर है कि बरखा के बचाव में एनडीटीवी ग्रुप खुद अब बरखा को सामने लाने जा रहा है. आज रात एनडीटीवी पर बरखा दत्त खुद पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देंगी. अब तक लोगों को कठघरे में खड़ा करती रहीं बरखा दत्त अब खुद कठघरे में खड़ी होंगी. कई लोग उनसे नीरा राडिया की बातचीत को लेकर सवाल पूछेंगे और बरखा खुद जवाब देंगी. ऐसा बरखा के पक्ष को जनता के सामने लाने के मकसद से किया जा रहा है. उधर कुछ लोग नीरा-बरखा प्रकरण को लेकर एनडीटीवी की ब्रांड इमेज बिगड़ने की बात करने लगे हैं. एनडीटीवी के शेयरों पर भी इस प्रकरण के असर की बात कही जा रही है. माना जा रहा है कि अगर एनडीटीवी समूह इसी तरह बरखा को बचाने का काम करता रहा तो उस पर से उसके दर्शकों व निवेशकों का भरोसा उठने लगेगा और इसका नकारात्मक असर लंबे समय बाद देखने को मिल सकता है.












sainik
December 3, 2010 at 11:46 am
side me tata ka ad bhi hai;D