: घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दी गई : हजारीबाग में न्यूज कवर करने गए दो पत्रकार एवं एक फोटोग्राफर के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की. इनलोगों के कैमरे, मोबाइल और पैसे भी छीन लिए गए. तीनों को चोटें भी आई हैं. मीडियाकर्मियों ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है. पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है.
हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र के सिंदूर गांव के पास एनएच33 पर एक सड़क हादसा हो गया. हादसे में एक उन्नीस साल की लड़की की मौत हो गई. मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को फूंक दिया तथा सड़क पर जाम लगा दिया. इसकी सूचना मिलते ही दैनिक आज के वरिष्ठ रिपोर्टर कृष्ण गुप्ता, इंडिया टीवी राजीव रंजन तथा दैनिक भास्कर के फोटो जर्नलिस्ट रवींद्र मौके पर पहुंचे. पत्रकार घटना स्थल पर विजुअल बनाने और फोटो लेने में लगे ही थे कि कुछ ग्रामीण उग्र हो गए तथा समाचार कवर करने से रोकने लगे.
इन लोगों ने समझाने का प्रयास किया तो तीनों से मारपीट की गई. राजीव का वीडियो कैमरा, रवींद्र का कैमरा, एटीएम कार्ड तथा उनके पर्स में रखे पैसे छीन लिए गए. कृष्ण गुप्ता का सैमसंग का मोबाइल लूट लिया गया. कुछ लोगों ने बीच बचाव करके इन लोगों को छुड़ाया. वहां से आने के बाद तीनों लोगों ने सदर कोतवाली में घटना की लिखित तहरीर दी. पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है.
बताया जा रहा है कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोनों लोगों के कैमरे तथा अन्य सामान पुलिस वापस करा देगी. ऐसा न होने की स्थिति में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. खबर देने तक तीनों मीडियाकर्मियों के सामान वापस नहीं मिल पाए थे.











