उन्नाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर उनके राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि महाना उन्नाव में आयोजित एक शैक्षिक संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रगान शुरू होता है। इसी दौरान सतीश महाना हाथ जोड़कर अपनी गाड़ी की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही वह गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।
राष्ट्रगान के दौरान जाने पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम स्थल से चले जाना उचित था या नहीं। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी सामने नहीं आया है कि सतीश महाना राष्ट्रगान के दौरान वहां से क्यों गए। ऐसे में वीडियो को लेकर किए जा रहे दावों की पूरी तस्वीर सामने आना अभी बाकी है।
आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार
उन्नाव में शैक्षिक संगोष्ठी के दौरान हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, सतीश महाना या उनके कार्यालय की ओर से इस वायरल वीडियो और उनके वहां से जाने की वजह को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी नहीं है। ऐसे में पूरे मामले की वास्तविक वजह आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अनिल कुमार-
जब व्यक्ति के पुराने कर्म और कुकर्म की गति शुरू होती है तो वह जाने अनजाने ऐसी हरकतें करने लगता है, जो उसे पतन की ओर लेकर जाता है!
उन्नाव जिले के एक कार्यक्रम में राष्ट्रगान के बीच ही निकलकर सतीश महाना चल दिये! इसकी चिंता भी नहीं की कि वे राष्ट्रगान का अपमान कर रहे हैं!
संभवतः ऐसा करते समय महाना को खुद यह भान नहीं रहा होगा कि वह ऐसा करके राष्ट्रगान का अपमान कर रहे है या अनादर कर रहे हैं!
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बयानबाजी हो, विस संचालन में उत्तेजना हो महाना ने हर मामले में कुछ ना कुछ ऐसा किया/बोला, जिसने उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई!
प्रकृति अपना हिसाब स्वयं करती है! हमारे अहंकार, कर्म, कुकर्म, संवेदना सभी का पुरस्कार/तिरस्कार प्रकृति यहीं पर बराबर करती है!
शायद महाना के साथ भी ऐसा ही हो रहा है. प्रकृति ने उनका हिसाब शुरू कर दिया है, तभी ऐसी हरकत कर रहे है, जो उनकी छवि को धक्का पहुंचा रहा है!
संभवतः यह सब उनसे अनजाने में हो रहा है, जानबूझकर तो कोई भी समझदार इंसान ऐसी हरकत नहीं करेगा! शायद करम गति शुरू हो चुकी है!


