रमेश पुष्कर
पत्रकार सत्य भारती की कलम से लिखी यह सच्चाई पढ़कर रूह कांप गई। आंख बंद की तो लग रहा था कि नया विधानसभा भवन कांप रहा है। ऐसा लग रहा था कि यह भवन अब ढहकर गिरने ही वाला है। आंख खोली तो यह भवन ठीक-ठाक था।
लेकिन विधायक गण महाशयों, इस विधानसभा भवन का क्या औचित्य है, जब आप सबके जिंदा रहते किसी निर्दोष पत्रकार को सरकार के मौखिक आदेश पर बर्बरतापूर्वक पीटा गया? यह तो विधानसभा के रहने या न रहने पर ही सवाल खड़ा हो गया है।
सत्य भारती की कलम से-
अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस द्वारा यातना दी गई है, वह भी अनवरत। यातना सिर्फ मानसिक होती तो समझ सकते थे कि पत्रकार के साथ उसके अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई। लेकिन यहां सिमडेगा जिले की पाकरटांड़ पुलिस ने तो वह हद पार की है कि खतरनाक अपराधियों को दी जाने वाली यातना भी शरमा जाए।
अभिषेक भारती के तलवों पर अनवरत लाठियों की ताबड़तोड़ बरसात की गई है। इतना ही नहीं, उसकी उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर दोनों हाथों के पंजों पर निर्ममता से मारा गया है। उसे मुंह के बल लिटाकर पागलों की तरह लाठियां बरसाई गईं। पुलिस की ताबड़तोड़ लाठियों के बीच वह अपना बचाव करने की स्थिति में नहीं था, क्योंकि सिमडेगा पुलिस उस पर वहशी तरीके से लाठियां बरसा रही थी। यह दंडात्मक कार्रवाई 26 नवंबर 2026 की रात से आज 27 नवंबर 2026 के अपराह्न तीन बजे तक रुक-रुककर चलती रही।
सिमडेगा (पाकरटांड़) पुलिस का एक ही उद्देश्य था- मैं जो बोलूं, कोर्ट में वही बयान देना है। पुलिस की गंभीर यातना से पत्रकार टूट गया, कितना सहता। अर्द्धमूर्छित हालत में सिमडेगा पुलिस के सामने सर्वसमर्पण करते हुए उसने गिड़गिड़ाकर कहा, “मैं गलत हूं, आप सही हैं। मुझसे जहां जो लिखवाना है लिखवा लीजिए, जितने सादे पेपर पर साइन करवाना है करवा लीजिए, पर इस तरह यातना मत दीजिए। मैं मर जाऊंगा।” इतना कहने के बाद अभिषेक भारती मूर्छित हो गया।
आनन-फानन में सिमडेगा पुलिस उसे होश में लाई, क्योंकि अभिषेक भारती को सिमडेगा न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर लेना था। साथ ही सिमडेगा के पुलिस कप्तान साहब को अपनी और अपने जिले की पुलिस की बहादुरी का बखान भी करना था, परंतु अभिषेक भारती की बिगड़ती तबीयत ने कप्तान साहब की योजना का गुड़-गोबर कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वाहवाही लूटने का उनका सपना चकनाचूर हो गया, क्योंकि अभिषेक भारती खड़ा रह पाना तो दूर, कुछ बोलने की स्थिति में भी नहीं है।
सिमडेगा पुलिस खुद के फंसने के डर से और घबराहट में अभिषेक भारती को कोर्ट परिसर ले गई। वहां चार पुलिसकर्मी उसे टांगकर न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास ले गए, क्योंकि अभिषेक भारती चलने की स्थिति में नहीं था और अर्द्धमूर्छित अवस्था में था। सिमडेगा पुलिस द्वारा अभिषेक को न्यायालय में खड़ा किया ही गया था कि वह न्यायिक मजिस्ट्रेट महोदय के समक्ष बेहोश होकर गिर पड़ा।
अभिषेक भारती की दयनीय और निरीह स्थिति देखते हुए माननीय न्यायालय ने उपस्थित सिमडेगा पुलिस को निर्देश दिया कि उपस्थित अभियुक्त को उचित चिकित्सा के लिए अविलंब स्थानीय अस्पताल ले जाया जाए, ताकि उसका उचित इलाज किया जा सके।
इधर यह सारा लाइव दृश्य तीन पत्रकारों द्वारा मोबाइल के कैमरे में कैद किया जा रहा था, जिन्हें सिमडेगा टाउन की पुलिस पकड़कर थाने ले आई और उनके मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए। तीनों पत्रकारों को लगभग चार घंटे तक सिमडेगा टाउन थाने में जबरन बैठाकर रखा गया और कोर्ट में शूट किया गया वीडियो डिलीट कर रात में छोड़ दिया गया।
वहीं दूसरी तरफ सिमडेगा की बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस माननीय न्यायिक दंडाधिकारी के निर्देश की अवहेलना करते हुए अभिषेक भारती को अस्पताल ले जाने के बजाय टाउन थाने की हाजत में ले गई, जहां उसकी सेहत लगातार बिगड़ते देख अंततः स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी सिमडेगा सदर अस्पताल में अभिषेक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के बेड पर वह अचेत पड़ा हुआ है।
यह शर्मनाक है। हेमंत सोरेन जी, शायद आप भी घुट-घुटकर घुटन महसूस कर रहे होंगे। आप जमीर वाले व्यक्ति हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन का खून आपकी रगों में बहता है। मुझे आप पर पूरी उम्मीद है, मेरे भाई। राज्य को मत झुकने दीजिए।
जय झारखंड!
जय मां भारती!
इस प्रकरण से जुड़ी पिछली खबरें:
