पत्रकारों की बैठक में बनी दो समितियां, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और राज्य सरकार को पत्र भेजकर मांगा हस्तक्षेप; एम्स में इलाज और जेल स्थानांतरण पर विचार करने का आग्रह
मुखर संवाद के लिए शिल्पी यादव की रिपोर्ट
रांची। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में उनके साथ कथित मारपीट और न्यायालय में व्हीलचेयर पर पेश किए जाने के घटनाक्रम को लेकर रांची प्रेस क्लब ने गंभीर चिंता जताई है। शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारों की बैठक में इस पूरे मामले पर चर्चा हुई। बैठक में शामिल पत्रकारों ने अभिषेक भारती की सुरक्षा, समुचित चिकित्सा सुविधा और पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
अभिषेक भारती फिलहाल न्यायिक हिरासत में सिमडेगा जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की सूचना और न्यायालय में व्हीलचेयर पर पेश किए जाने की घटना ने उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। प्रेस क्लब के अनुसार, अभिषेक भारती मधुमेह और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित हैं। ऐसे में उन्हें तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत है।
इस मामले में रांची प्रेस क्लब ने झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, गृह विभाग के प्रधान सचिव तथा जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। पत्र में पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच कराने, स्वतंत्र चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित करने और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की गई है।
प्रेस क्लब ने अभिषेक भारती को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्स, नई दिल्ली में इलाज की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया है। साथ ही, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर उन्हें किसी अन्य जेल में स्थानांतरित करने के विकल्प पर विचार करने की मांग की गई है।
दो समितियों का गठन
बैठक में मामले की आगे की कानूनी और न्यायिक कार्रवाई को लेकर एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति का पता लगाने, संबंधित परिस्थितियों की पड़ताल करने और उपलब्ध साक्ष्यों का आकलन करने के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया गया। समिति मामले से जुड़े तथ्यों को संकलित कर आगे की कार्रवाई के लिए अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
देशभर के पत्रकार संगठनों से एकजुटता की अपील
रांची प्रेस क्लब ने देशभर के प्रेस क्लबों, पत्रकार संगठनों और पत्रकारों से इस मामले में एकजुटता और समर्थन की अपील की है। क्लब का कहना है कि पत्रकारों की सुरक्षा, गरिमा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कानूनी अधिकारों का सवाल किसी एक संस्थान या राज्य तक सीमित नहीं है। यदि पुलिस हिरासत में किसी पत्रकार के साथ मारपीट की शिकायत सामने आती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
प्रेस क्लब ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी मामले में कानून अपना काम करे, लेकिन हिरासत में किसी व्यक्ति के साथ कथित हिंसा की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। जांच प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने आनी चाहिए। पत्रकार संगठनों की सामूहिक पहल ऐसे मामलों में संस्थागत जवाबदेही और पत्रकारों के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
बैठक में रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, प्रभात खबर के स्थानीय संपादक संजय मिश्र, रांची एक्सप्रेस के संपादक नवेन्दू उन्मेश, पत्रकार गंगेश गुंजन, पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरकांत, पूर्व सचिव अखिलेश सिंह, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य अशोक गोप, चंदन वर्मा, विजय गोप तथा वरिष्ठ पत्रकार संपूर्णानंद भारती समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।
